धमतरी– सिटी पार्क में नगर निगम ने ताला जड़ दिया है। इस वजह से सुबह व शाम को पार्क्रजाने वाले लोग परेशान हैं। मार्निंगवाक व मनोरंजन के लिए जाने वाले लोग बंद गेट को फांदकर कर पार्क के अंदर प्रवेश करते हैं। पार्क के बंद गेट को खोलने लोगों ने नगर निगम से गुहार लगाई है।
विंध्यवासिनी मंदिर रोड में नगर निगम द्वारा संचालित सिटी पार्क में इन दिनों ताला जड़ा हुआ है। 19 जनवरी रविवार को पार्क के प्रथम गेट पर लगा ताला नहीं खुलने के कारण लोग परेशान होते रहे। सरकारी छुट्टी होने के चलते यहां कई पालक अपने बच्चों के साथ गार्डन पहुंचे, जिन्हें मायूस होना पड़ा। गेट पर जड़े ताला देख कर सब हैरान हो गए। बच्चों की जिद के कारण ज्यादातर पालक गेट को फांदकर पार्क के अंदर घुसे। किसी का लोवर फंसा, तो किसी की टी-शर्ट। कुछ छोटे बच्चे तो गेट से फांदकर चढ़ने के कारण चोटिल भी हो गये। बच्चों के हाथ-पैर में खरोंच आ गई। सिटी पार्क पहुंचे मनोज कुमार, तामेश्वर कुमार, मंदाकिनी और बच्चे अजय, रोहन, सौरभ का कहना है कि नगर निगम ने सिटी पार्क को काफी आकर्षक बनाया है। यहां चारों ओर बनाए पाथवे मार्निंगवाक के लिए सुविधाजनक है। सीमेंटीकरण होने के कारण हर वर्ग को चलने में आसानी होती है। चारों ओर पेड़-पौधे, फूल व आकर्षक गार्डनिंग है, जिसके कारण ज्यादातर लोग यहां सुबह मार्निंगवॉक के लिए जाते हैं। मैदान पर लगे घास में व्यायाम व योगा भी करते हैं। सिटी पार्क काफी शांतप्रिय स्थान है, ऐसे में हर वर्ग यहां आना पसंद करता हैं। वहीं छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, फिसलपट्टी लगे हैं। शासकीय अवकाश के दिन बड़ी संख्या में पालक यहां छोटे बच्चों को घुमाने व मनोरंजन कराने ले जाते हैं। नगर निगम सिटी पार्क को और आकर्षक बनाने कुछ निर्माण करा रहे हैं।
जंगली जानवरों की स्टेच्यू की सूरत बिगाड़ी
सिटी पार्क में कई जंगली-जानवरों के स्टेच्यू लगे हैं। दो बड़े हाथी, शेर, जिराफ व अन्य स्टेच्यू को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचा दिया है। जिराफ और शेर टूट-फूट गए थे। टूटे हुए स्टेच्यू को अब सिटी पार्क से हटा दिया गया है। मयूर व कुछ अन्य स्टेच्यू सुरक्षित है। हाथी के शूंड को भी तोड़ दिया गया है। टूटे स्टेच्यू हटाने से पार्क की सौंदर्यता थोड़ी कम हो गई है। यहां का टूटा विद्युत कनेक्शन जोड़ दिया गया है। उल्लेखनीय है कि सिटी पार्क को ठेका प्रथा पर देने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले टेंडर जारी किया गया था, जो कुछ कारणों से स्थगित हो गया था। टेंडर नहीं होने से पार्क भगवान भरोसे है। पर्याप्त देखरेख के अभाव में सामग्री सुरक्षित नहीं है। लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द ही सिटी पार्क के लिए टेंडर कराए, ताकि यह पार्क देखरेख में सुरक्षित रहे। यहां सुविधा बढ़ने के साथ ही लोगों की भीड़ भी बढ़ने की संभावना है। शहरवासियों ने सिटी पार्क के गेट पर लगा ताला खोलने की मांग की है।
खोलने दिया जाएगा निर्देश
सिटी पार्क के खुलने व बंद होने का समय निश्चित किया गया है। सुबह छह से नौ बजे तक और शाम पांच से रात नौ बजे तक खोला जाना तय है। यदि समय पर पार्क नहीं खोला गया, तो संबंधित कर्मचारी से जानकारी लेकर पार्क को समय पर खोलने का निर्देश दिया जाएगा।