Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON धान खरीदी अभियान से किसानों के चेहरे पर खुशी, राजनांदगांव में उत्साह...

धान खरीदी अभियान से किसानों के चेहरे पर खुशी, राजनांदगांव में उत्साह का माहौल

1
0

राजनांदगांव। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के धान खरीदी अभियान से किसानों में हर्ष का माहौल बना हुआ है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी के सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। धान खरीदी केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमैट्रिक डिवाइस, श्रमिक, पेयजल और छांव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान की गुणवत्ता का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर और सूची फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित हैं।

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने और कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। धान बिक्री के लिए किसान अब ‘तुंहर हाथ’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें समय की बचत हो रही है और प्रक्रिया सरल हो गई है।

उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 1,20,320 पंजीकृत किसानों से 6028832.80 क्विंटल धान खरीदी गई है, जिसका मूल्य 1431 करोड़ 24 लाख 85 हजार रुपए है। साथ ही, धान उपार्जन केन्द्रों से अब तक 18,11,737.50 क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है।

धान खरीदी अभियान से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और जिले में खेती-किसानी के काम में उत्साह दिखाई दे रहा है।