Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON राजनांदगांव में नव निर्माण साइबर थाना का मुख्यमंत्री ने वर्चुअल लोकार्पण किया

राजनांदगांव में नव निर्माण साइबर थाना का मुख्यमंत्री ने वर्चुअल लोकार्पण किया

3
0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य में साइबर अपराध से प्रभावी मुकाबले के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज डिजिटल माध्यम से राजनांदगांव सहित राज्य के आठ जिलों में नवीन साइबर पुलिस थानों का लोकार्पण किया। लोकार्पित थाने राजनांदगांव, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, धमतरी और महासमुंद में स्थापित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध केवल तकनीकी चुनौती नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था, आर्थिक सुरक्षा और आम जनता के विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल ठगी, साइबर ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन सट्टा पर तेजी से कार्रवाई करने का महत्व बताया।

राज्य शासन ने साइबर थानों में आधुनिक संसाधन, प्रशिक्षित पुलिसकर्मी, डिजिटल साक्ष्य संकलन, मोबाइल फॉरेंसिक और डेटा विश्लेषण की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि ये साइबर थाने पीड़ित-केंद्रित, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग के मॉडल के रूप में विकसित हों।

इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय रायपुर में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री/गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ श्री अरुण देव गौतम एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा आठों जिलों में पुलिस अधीक्षक, अन्य राजपत्रित अधिकारी और नवीन साइबर थानों में पदस्थ अधिकारी व कर्मचारी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।

जिला राजनांदगांव में लोकार्पण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर कीरो, प्रक्षिशु आईपीएस आदित्य कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री सुमन जायसवाल, रक्षित निरीक्षक श्री लोकेश कसेर और नवीन साइबर थाना प्रभारी श्री विनय कुमार पम्मार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

साइबर अपराध रोकथाम के लिए राज्य पुलिस द्वारा प्रशिक्षण, साइबर जागरूकता अभियान और तकनीकी उपकरणों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नए साइबर थाने छत्तीसगढ़ को साइबर सुरक्षित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।