Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON स्टेट स्कूल के पास कार चालक से गाली-गलौज कर चलाई थी गोली,...

स्टेट स्कूल के पास कार चालक से गाली-गलौज कर चलाई थी गोली, जान बाल-बाल बची

1
0

राजनांदगांव। शहर के स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर मामूली बात को लेकर कार चालक पर पिस्टल से गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और 12 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा XUV 700 कार जब्त की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अविनाश शेंदरे ने 28 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 27 सितंबर की रात करीब 11 बजे अपने दोस्तों के साथ दुर्ग से राजनांदगांव लौट रहा था। स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर काले रंग की XUV कार में सवार विपिन जॉन्वेल्स और उसके साथियों ने “कार ठीक से चलाओ, रोलबाजी कर रहे हो” कहकर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी।

मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी विपिन जॉन्वेल्स ने अपने पास रखी पिस्टल निकालकर अविनाश पर तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रिगर दबा दिया। ऐन मौके पर साथ मौजूद दोस्तों ने विपिन का हाथ ऊपर खींच लिया, जिससे गोली हवा में चल गई और अविनाश की जान बाल-बाल बच गई। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1), 296, 351(3), 119(1), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया।

घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

विपिन जॉन्वेल्स (33 वर्ष), निवासी शांति नगर, चिखली (पूर्व में भी मारपीट व धमकी का मामला दर्ज)।

अमन जेम्स (22 वर्ष), निवासी स्टेशन पारा, चिखली (पूर्व में थाना बसंतपुर में अपराध दर्ज)।

शेरोन जेम्स (24 वर्ष), निवासी टांकापारा, कोतवाली।

अफरोज खान (23 वर्ष), निवासी शांति नगर, चिखली।

पिस्टल बैलिस्टिक जांच के लिए भेजी गई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पिस्टल, 02 नग कारतूस तथा महिंद्रा XUV 700 कार (क्रमांक CG 08 BJ 0001, कीमत ₹12,00,000) जब्त की है। जब्त पिस्टल को परीक्षण हेतु आर्मोरर के पास भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।