कांग्रेस प्रवक्ता राजकुमार तामों पर कुम्हारास की महिलाओं ने प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां एक स्वसहायता समूह की 17 महिलाओं ने कल शाम कलेक्टर को लिखित शिकायत की है जिसमें कांग्रेसी नेता पर मारपीट करने, घर में घुसकर छेड़खानी करने, बंदूक की नोक पर गरीब महिलाओं को परेशान करने का आरोप है। जैसे ही यह खबर फैली, दंतेवाड़ा में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। कुम्हाररास की महिलाओं द्वारा कांग्रेसी नेता पर लगाए गए इन गंभीर आरोपों की खबर के बाद भाजपा भी सक्रिय हो गई।
भाजपा के पूर्व विधायक भीमा मंडावी ने कहा कि कांग्रेसी नेता द्वारा महिलाओं से किया गया यह कृत्य निंदनीय है। भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा पीड़ित महिलाओं के साथ है व उन्हें न्याय दिलाने पूरा प्रयास करेगी। मामले पर पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इधर कांग्रेसी नेता राजकुमार तामों ने सारे आरोपों को झूठा व राजनीतिक षडयंत्र बताया है।
तामों का कहना है कि यह भारतीय जनता पार्टी व पूर्व विधायक भीमा मंडावी की साजिश है। उन्होंने कहा कि मैं ईंट बनवाने का काम करता हूं, मैंने कुछ मजदूरों को एडवांस में पैसा दिया है, जिसे मांगने पर इस तरह के झूठे आरोप महिलाओं द्वारा लगाए जा रहे हैं।