राजनांदगांव। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से प्राप्त आत्मीय पत्र ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान की रहने वाली ‘लखपति दीदी’ श्रीमती रुखमणी साहू के जीवन में खुशी, सम्मान और नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। मुख्यमंत्री की पाती पाकर वे बेहद भावुक हो उठीं। उनके लिए यह केवल एक पत्र नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, परिश्रम, परिवार के सहयोग और आगे बढ़ने के संकल्प को मिला एक अनमोल सम्मान है। मुख्यमंत्री के स्नेहपूर्ण शब्दों ने उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती दी है।
अपनी खुशी जाहिर करते हुए श्रीमती रुखमणी साहू ने कहा कि आज उन्हें अपने भैया—मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसे पाकर वे अत्यंत आनंदित और उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके प्रयासों को इस तरह प्रोत्साहन मिलना बेहद सुखद और गर्व का क्षण है।
पति की देशसेवा और बेटियों के भविष्य पर मुख्यमंत्री के स्नेह ने छुआ दिल
श्रीमती साहू ने विशेष रूप से अपने पति के योगदान का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पति एक भूतपूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने देश की सेवा करने के बाद जन्मभूमि लौटकर परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उनके हर कार्य में पूरा सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा उनके पति की देशसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना पूरे परिवार के लिए बेहद गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनकी दोनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करना और माता-पिता के प्रति सम्मान व्यक्त करना उनके हृदय को छू गया है। यह आत्मीयता उनके परिवार के लिए हमेशा-हमेशा के लिए अविस्मरणीय रहेगी।
बिहान योजना ने दी नई पहचान, विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
श्रीमती साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज प्रदेश की महिलाओं को आगे बढ़ने के अनगिनत अवसर मिल रहे हैं। ‘बिहान परियोजना’ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और समाज में एक नई पहचान स्थापित करने की प्रेरणा दे रही है। शासन के इन प्रयासों से उनके जैसी तमाम महिलाएं अपने सपनों को साकार कर दूसरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया यह स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए अनमोल है। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और बिहान परियोजना के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह पाती उन्हें जीवन में सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी। साथ ही, उन्होंने ‘विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के सपने को साकार करने में अपनी पूरी सक्रिय भागीदारी निभाने का दृढ़ संकल्प लिया है।



