Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला गुणवत्ता आश्वासन समिति की बैठक, स्वास्थ्य...

कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला गुणवत्ता आश्वासन समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता पर जोर

2
0

खैरागढ़। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला गुणवत्ता आश्वासन समिति (DQAC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ल के निर्देशन और सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा की विशेष उपस्थिति में हुई इस बैठक में जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्ता सुधार गतिविधियों और परिवार नियोजन सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान परिवार नियोजन क्षतिपूर्ति योजना (FPIS) के अंतर्गत परिवार नियोजन सेवा की असफलता से जुड़े एक प्रकरण पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रियाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान विशेष रूप से जोर दिया गया कि परिवार नियोजन सेवाओं में तयशुदा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन हो, लाभार्थियों को उचित परामर्श मिले, सभी जरूरी सावधानियां बरती जाएं और प्रकरणों की समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और जवाबदेही को हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में नियमित आंतरिक मूल्यांकन करने, कमियों की तुरंत पहचान कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) और अन्य गुणवत्ता सुधार कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन व मूल्यांकन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में पूरी तरह सुरक्षित, सुलभ और उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

प्रमुख रूप से ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में खैरागढ़ बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, छुईखदान बीएमओ एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव, आईएमए प्रतिनिधि डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. बोधन परते, जिला सलाहकार आरएमएनसीएच+ए सुश्री आरती चतुर्वेदी और विधिक प्रकोष्ठ के सदस्य श्री देवेंद्र ध्रुवे उपस्थित रहे।