राजनांदगांव। दीपावली का पर्व केवल दीये जलाने और आतिशबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खुशियां बांटने, जरूरतमंदों के साथ समय बिताने और समाज में प्रेम व मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का पावन अवसर है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए दीपावली के खास मौके पर राजनांदगांव पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बाल आश्रय और वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बच्चों व बुजुर्गों के साथ आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के विशेष दिशा-निर्देश पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पर्व का उल्लास और अपनापन पहुंचाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ बिताया समय
दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस के आला अधिकारियों ने आश्रम पहुंचकर बच्चों और बुजुर्गों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना और उनके साथ काफी समय बिताया। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों और बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे और चारों तरफ उत्साह व अपनापन का माहौल बन गया। राजनांदगांव पुलिस की इस संवेदनशीलता और पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।
इस अवसर पर राजनांदगांव पुलिस परिवार की ओर से सीएसपी श्री आदित्य कुमार (भा.पु.से.), डीएसपी श्री सत्यप्रकाश तिवारी, डीएसपी श्री के.के. वाजपेयी, आरआई श्री लोकेश कुमार, इंस्पेक्टर श्री उपेंद्र शाह और इंस्पेक्टर श्री कैलाश मराई विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी है राजनांदगांव पुलिस
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि राजनांदगांव पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की खुशी और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। ‘सेवा, सहयोग और संवेदना’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने यह संदेश दिया कि त्योहारों का असली आनंद अपनों के साथ-साथ समाज के उन लोगों के साथ खुशियां बांटने में है, जिन्हें अपनों के स्नेह की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।



