राजनांदगांव। जिले में असामाजिक तत्वों, लूटपाट और डराने-धमकाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। थाना डोंगरगांव पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन, नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 09.11.2026 को ग्राम गिरगांव स्थित सूखनाला के पास आरोपियों ने एकराय होकर मोटर साइकिल सवार ओमकार सेवता और उसके साथियों का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों व पत्थरों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी ओमकार सेवता की जेब से 5,000 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। साथ ही, मोटर साइकिल में पीछे बैठे भूपेन्द्र सेवता से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 500 रुपये छीन लिए। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। चिकित्सा परीक्षण और साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की गंभीर धारा 309(6) भी जोड़ी गई।
रातभर चला तलाशी अभियान, तड़के 3 बजे दबोचे गए आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगांव थाना स्टाफ ने रातभर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और सुबह ठीक 03:00 बजे आरोपियों को पकड़ लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल, 5,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल (क्रमांक CG 08 BD 7077) बरामद कर ली है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
उमेश कुमार निषाद उर्फ विक्की (पिता गेंदलाल निषाद, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम गनेरी)
ओमकार कंवर उर्फ सरवन (पिता श्रीराम कंवर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम गनेरी)
भूपेन्द्र कुमार चंद्रवंशी (पिता स्व. गुमान चंद्रवंशी, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम गनेरी)
भानुप्रताप सिंह कुंजाम (पिता मनीराम कुंजाम, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम गुंगरी नवागांव, सभी थाना डोंगरगांव)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख तथा आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश हरमुख और मोहन साहू की अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन के इस एक्शन से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।



