Home छत्तीसगढ़ गणेश विसर्जन: 43 कुंड तैयार, 27 सितंबर को निकलेगी झांकी…

गणेश विसर्जन: 43 कुंड तैयार, 27 सितंबर को निकलेगी झांकी…

1
0

गणेश उत्सव के समापन के साथ रायपुर में अब विसर्जन और झांकियों को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं।

शहर में आज यानी 25 सितंबर से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो चुका है। बड़ी प्रतिमाओं के लिए महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड तैयार किया गया है, जबकि छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर में 43 अस्थायी कुंड बनाए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जित करने पर रोक रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

10 जोन में विसर्जन की व्यवस्था

नगर निगम ने शहर के 10 जोन में तालाबों और विसर्जन स्थलों के आसपास जरूरी व्यवस्थाएं की हैं। महादेवघाट के विसर्जन कुंड की व्यवस्था और निगरानी के लिए विशेष समिति गठित की गई है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। महादेवघाट पर गोताखोरों के साथ मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड भी तैनात रहेगी। अब तक महादेवघाट के विसर्जन कुंड में 150 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है।

तालाब में विसर्जन किया तो कटेगा चालान

प्रशासन ने लोगों और गणेश उत्सव समितियों से निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत शहर के अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। छोटी प्रतिमाओं के लिए बनाए गए 43 अस्थायी कुंडों में निगम कर्मचारियों और गोताखोरों की ड्यूटी लगाई गई है।

विसर्जन के दौरान 1 हजार से ज्यादा जवान तैनात

गणेश विसर्जन के दौरान शहर में 1 हजार से ज्यादा पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी तैनात रहेंगी। संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।

महादेवघाट से वापसी का रूट भी तय

महादेवघाट विसर्जन स्थल से प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेवघाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 के रास्ते होगी। विसर्जन के दौरान शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा। अम्लेश्वर से रायपुर आने वाले वाहन अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध या खुड़मुड़ा-भाठागांव मार्ग से शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

27 सितंबर को निकलेगी गणेश झांकी

गणेश विसर्जन के बाद 27 सितंबर को शहर में गणेश झांकियां निकाली जाएंगी। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। झांकी की शुरुआत शारदा चौक से होगी, जहां समितियों की झांकियों को नंबर दिए जाएंगे। इसके बाद जुलूस जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखेनगर चौक और सुंदरनगर होते हुए महादेवघाट विसर्जन कुंड पहुंचेगा। लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा।

झांकी में नशा और हथियार पर रोक

पुलिस-प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों को झांकी के दौरान कई निर्देश दिए हैं। समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए कहा गया है। झांकी में नशे का सेवन, हथियार या धारदार वस्तु ले जाने पर रोक रहेगी। डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के मुताबिक करना होगा। झांकियों को अनावश्यक रूप से रोकने पर भी रोक रहेगी।

ड्रोन से होगी निगरानी

DCP अर्चना झा के मुताबिक झांकी के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस द्वारा ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी। बैठक में सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर भी सुरक्षा पर चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF अधिकारियों ने इन भवनों से संभावित खतरे की जानकारी देते हुए रूट में बदलाव का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, झांकी समितियों के आयोजकों ने रूट बदलने पर सहमति नहीं जताई। आयोजकों ने सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और साउंड सिस्टम को तय मानकों के मुताबिक रखने पर सहमति दी है।