Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी में धूमधाम से हुआ सुआ नृत्य का...

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी में धूमधाम से हुआ सुआ नृत्य का आयोजन

2
0

छुरिया। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति को सहेजने के उद्देश्य से भव्य सुआ नृत्य का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर छात्राओं की थिरकती कदमों और छत्तीसगढ़ी गीतों की गूंज से सराबोर नजर आया।

यह आयोजन प्रधानपाठक यू.एस. मंडावी के निर्देशन, उच्च वर्ग शिक्षक एवं सांस्कृतिक प्रभारी दिनेश कुरेटी के संयोजन और नवाचारी शिक्षिका सुषमा नेताम के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। छात्राओं ने रंगारंग सुआ नृत्य प्रस्तुत कर प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक बेहद सराहनीय पहल की।

इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए उच्च वर्ग शिक्षक दिनेश कुमार कुरेटी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ की पहचान देश-दुनिया में इसकी अनूठी लोककला और संस्कृति के कारण है। उन्होंने कहा, “यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे इसके मूल रूप में बचाए रखना हम सभी छत्तीसगढ़वासियों की बड़ी जिम्मेदारी है। आज बाहरी संस्कृति के प्रभाव के कारण हमारी मूल कलाएं लुप्त होने की कगार पर हैं, ऐसे आयोजनों से ही उन्हें जीवंत रखा जा सकता है।”

श्री कुरेटी ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोक नृत्यों और गीतों का जिक्र करते हुए सुआ, कर्मा, ददरिया, रेला, हुल्की, मांदर नृत्य, पंथी, राऊत नाचा, बांस गीत, पंडवानी, देवार गीत और नाचा गम्मत की महत्ता बताई। उन्होंने बताया कि सुआ नृत्य ग्रामीण संस्कृति की मुख्य विशेषता है, जिसके माध्यम से महिलाएं अपने मन के भाव और पीड़ा को सहजता से व्यक्त करती हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

सुआ नृत्य के इस रंगारंग कार्यक्रम में कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रमुख प्रतिभागियों में चांदनी कंवर, काजल पटेल, नम्रता मंडावी, सोनाली कंवर, रिकांसी साहू और रुपाली सिन्हा सहित अन्य छात्राओं ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।

इस अवसर पर तिलक राम बढ़ई, शोभराय कार्ते, अखिलेश्वर सिंह ठाकुर, जाकेश साहू, गीता कन्नौजे, चुम्बन लाल भुआर्य, जगन्नाथ नेताम, चन्द्र कुमार उइके, रोमन कुमार साहू, जितेन्द्र कुमार पटेल और गजेंद्र कुमार ठाकुर सहित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का होना विद्यालयीन जीवन और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है।