Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी...

महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपित गिरफ्तार

1
0

डोंगरगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम रामाटोला में एक महिला के घर में घुसकर उससे छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपित को डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

दोपहर में घर में सो रही महिला से की अश्लील हरकत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 नवंबर की दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर के सामने वाले कमरे में सो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपित मनोज देवांगन (44 वर्ष) पिता भागचंद देवांगन जबरन घर के अंदर घुस आया। आरोपित ने महिला की चादर खींचकर उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी देते हुए अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करने लगा।

शोर सुनकर पहुंचा भतीजा, तो भाग निकला आरोपित
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और आरोपित को थप्पड़ मारकर शोर मचाया। आवाज सुनकर अंदर के कमरे में सो रहा उसके जेठ का लड़का लुकेश मंडावी तुरंत मौके पर पहुंचा। स्वजन को आते देख आरोपित वहां से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 670/2026 के तहत धारा 74, 75 और 331(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

त्वरित घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने पुलिस टीम के साथ आरोपित की पतासाजी की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित मनोज देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया।