राजनांदगांव। श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास राजनांदगांव की साधारण सभा की बैठक जिला कार्यालय के अपर कलेक्टर कक्ष में संपन्न हुई। न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के विकास, संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और राजस्व व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण एवं कड़े निर्णय लिए गए। बैठक में उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी व अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय और राजगामी संपदा व्यवस्थापक सह तहसीलदार प्यारे लाल नाग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गोलबाजार मटन मार्केट का विस्थापन और बकाया किराया निरस्त
बैठक में शहर की यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया गया है। गोलबाजार स्थित मटन मार्केट का पुराना किराया एवं बकाया किराया निरस्त करने के साथ ही वर्तमान मटन मार्केट को अन्यत्र विस्थापित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में व्यवस्था बेहतर हो सके।
रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा स्थापना के लिए 11 लाख मंजूर
शहर में रानी सूर्यमुखी देवी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके लिए बैठक में 11 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा गोलबाजार स्थित ऐतिहासिक गोल ऑफिस भवन की स्थिति को सुधारने के लिए रंगरोगन और जीर्णोद्धार कार्य कराने का निर्णय भी लिया गया।
अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, होगा भूमि का सीमांकन
राजगामी संपदा की शहरी क्षेत्रों में स्थित जमीनों पर हुए अवैध अतिक्रमण को लेकर न्यास कड़े तेवर में नजर आया। बैठक में यह तय किया गया कि संबंधित जमीनों का जल्द सीमांकन कराकर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लंबे समय से किराया या अन्य राशि जमा न करने वाले बकायादारों को नोटिस जारी कर सख्ती से वसूली करने के निर्देश दिए गए। भूमि विवादों और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के उद्देश्य से रॉयल किड्स, वाइडनर स्कूल और गुजराती स्कूल की भूमि का भी सीमांकन कराया जाएगा। बैठक में न्यास की संपत्तियों के संरक्षण और शहर हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।



