राजनांदगांव। जिले में आगामी 15 नवंबर से शुरू होने जा रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी के दौरान अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने और अन्य राज्यों या जिलों से होने वाले अवैध धान परिवहन तथा कोचियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अटल मॉनिटरिंग पोर्टल से होगी विकास कार्यों की मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने बैठक के दौरान ‘अटल मॉनिटरिंग पोर्टल’ के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति से जुड़ी जानकारियां नियमित रूप से अद्यतन की जाएं, ताकि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके। साथ ही लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
स्टेशनपारा अंडरब्रिज और सर्विस लेन के कार्यों में लाएं तेजी
शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजनांदगांव के निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज के ‘पुशिंग’ कार्य में तेजी लाने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस लेन निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने काम में गति लाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध हों ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की स्थिति न बने।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में 8300 से अधिक घरों में सोलर पैनल स्थापित
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक 16,492 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 8,396 हितग्राहियों के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शेष पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बिल में राहत का लाभ उठा सकें।
जनशिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



