राजनांदगांव। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए अब सर्वसुविधायुक्त पक्का ठिकाना मिल सकेगा। विधानसभा अध्यक्ष व राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से जिले की 5 ग्राम पंचायतों में ‘महतारी सदन’ निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मिली इस मंजूरी पर डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया है।
पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के मुताबिक जिले की पांच पंचायतों में प्रति भवन 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन तैयार किए जाएंगे। इनमें राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत पनेका, अंजोरा, भर्रेगांव, खैरा (र) और छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत लालूटोला का आश्रित ग्राम बापूटोला शामिल है।
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए एक उपयोगी सामुदायिक केंद्र के रूप में काम करेंगे। इन भवनों के बन जाने से गांव की महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को अपनी बैठकों, प्रशिक्षण और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।



