Home देश Weather Alert:  25-27 सितंबर तक जमकर मूसलाधार बारिश, मौसम विभाग ने दिया...

Weather Alert:  25-27 सितंबर तक जमकर मूसलाधार बारिश, मौसम विभाग ने दिया बड़ा अलर्ट…

3
0

IMD Heavy Rain Alert:  देश के कई हिस्सों में 25 से 27 सितंबर के बीच मौसम काफी खराब रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 25 सितंबर की दोपहर जारी विशेष बुलेटिन के मुताबिक साउथ छत्तीसगढ़ और उससे सटे साउथ इनर ओडिशा के ऊपर बना दबाव 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह सिस्टम अगले 12 घंटों तक दबाव की अपनी तीव्रता बनाए रखेगा और उसके बाद के 12 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होकर एक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके साथ ही एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से जुड़ा मौसमी सिस्टम भी उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगी।

इन राज्यों में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट

डिप्रेशन और पश्चिमी विक्षोभ के मिले-जुले असर के कारण देश के कई राज्यों में अत्यंत मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को बहुत तेज मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश का ब्योरा

मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश के अलग अलग राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 21 सेमी या उससे अधिक अत्यंत भारी बारिश हुई। तटीय आंध्र प्रदेश में बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी) रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, केरल व माहे, कर्नाटक, तेलंगाना, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) दर्ज की गई है।

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 26 और 27 सितंबर को मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब में 26 और 27 सितंबर के दौरान व्यापक रूप से मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की गति से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 26 और 28 सितंबर को भारी बारिश और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 25 और 28 सितंबर को भारी वर्षा होगी। पूर्वी राजस्थान में 27 से 29 सितंबर के दौरान 30 से 40 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ का मौसम

मध्य भारत में बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ में 25 से 28 सितंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश व विदर्भ में 25 से 27 सितंबर के दौरान काफी बारिश होगी। 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी, 27 सितंबर को भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। विदर्भ में 25 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में तूफानी हवाओं की चेतावनी

पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम विभाग ने थंडरस्कवॉल की चेतावनी जारी की है। 25 सितंबर को झारखंड और ओडिशा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे तक) की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 25 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 26 सितंबर को इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। गांगेय पश्चिम बंगाल में 25 सितंबर को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

दक्षिण और पश्चिम भारत की स्थिति

दक्षिण भारत में केरल व माहे और लक्षद्वीप में 25 और 26 सितंबर को, तटीय आंध्र प्रदेश में 25 सितंबर को व्यापक बारिश होगी। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में 25 सितंबर को 40 से 50 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में 25 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिम भारत में गुजरात क्षेत्र और मराठवाड़ा में 25 सितंबर को तेज सतही हवाएं चलेंगी और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 25 से 29 सितंबर के बीच अलग अलग दिनों में भारी बारिश और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।