Home देश दिल्ली-NCR में रविवार को मौसम सुहावना, दिनभर आसमान में बादल और ठंडी...

दिल्ली-NCR में रविवार को मौसम सुहावना, दिनभर आसमान में बादल और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट…

1
0

दिल्ली-NCR में रविवार को मौसम सुहावना रहा। दिनभर आसमान में बादल और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 2001 के बाद सितंबर में दिल्ली का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। अधिकतम तापमान भी 1.4 डिग्री गिरकर 30.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। पिछले 24 घंटों में दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक नीचे आया। बारिश के बाद दिल्ली की हवा में भी सुधार देखने को मिला है। CPCB (Central Pollution Control Board) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 53 दर्ज किया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। जबकि शनिवार को AQI 72 था।

दिल्ली-NCR के इन इलाकों में बारिश का असर

रविवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक दिल्ली-NCR में कहीं बारिश नहीं हुई। इससे पहले हुई बारिश का असर कई इलाकों में देखने को मिला। दिल्ली में मयूर विहार में सबसे ज्यादा 7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। रिज में 6.8 मिमी और लोधी रोड में 5.2 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में 4.9 मिमी और राजघाट में 4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अयानगर और पूसा में 4-4 मिमी और पालम में 3.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। नोएडा में 26.5 मिमी बारिश हुई। इसके साथ ही गाजियाबाद और फरीदाबाद में 4.5-4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रविवार को राजधानी में उत्तर-पूर्व दिशा से तेज हवाएं भी चलीं। दिल्ली में हवा की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रति घंटा रही। पालम में यह 30 से 33 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। दिन के दौरान नमी का स्तर 63 से 100 फीसदी के बीच रहा है।

आने वाले दिनों में मौसम का अनुमान

अब सोमवार यानी 28 सितंबर को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिन में धूप भी निकल सकती है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और पूरे हफ्ते मौसम सूखा रह सकता है।