Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON जिले में आज से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, पहले...

जिले में आज से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, पहले दिन 805 किसान बेचेंगे 32,475 क्विंटल धान

1
0

राजनांदगांव। जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत राजनांदगांव जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार, 15 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रही यह खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। पहले दिन के लिए जिले के 117 उपार्जन केंद्रों में 805 किसानों को कुल 32 हजार 475 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन जारी कर दिए गए हैं।

इस बार 2,934 ज्यादा किसानों ने कराया पंजीयन
प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष धान बेचने के लिए किसानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले में कुल 1 लाख 35 हजार 167 किसानों का पंजीयन हुआ है। पिछले वर्ष (2025-26) यह संख्या 1 लाख 32 हजार 233 थी। यानी इस साल 2 हजार 934 अधिक किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचेंगे।

अब गांव के नजदीक बेच सकेंगे धान, केंद्रों की संख्या बढ़कर हुई 122
किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए प्रशासन ने इस वर्ष उपार्जन केंद्रों की संख्या में बड़ा इजाफा किया है। पिछले साल जिले में जहां 96 केंद्र संचालित थे, वहीं इस बार 26 नए उपार्जन केंद्र खोले गए हैं। अब जिले के कुल 122 केंद्रों पर धान की खरीदी होगी।

केंद्रों पर बारदाना, छांव और पेयजल के पुख्ता इंतजाम
खरीदी व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सभी 122 केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पीने का पानी, धूप से बचने के लिए छांव, बैठने की व्यवस्था और धान के सुरक्षित भंडारण के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खरीदी केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग करें ताकि किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो।