Home छत्तीसगढ़ ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर मना जिला स्तरीय राज्योत्सव

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर मना जिला स्तरीय राज्योत्सव

2
0

मोहला। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर सोमवार को मोहला के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रतिभा की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा रहीं।

सांसद वर्मा ने छत्तीसगढ़ महतारी के शैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत का सामूहिक गायन हुआ। सांसद ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

जनसभा को संबोधित करते हुए लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ केवल कार्यक्रम की थीम नहीं, बल्कि विकसित और सशक्त छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प है। महिलाओं को शिक्षा और स्वरोजगार के जरिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। महिला सशक्तिकरण से ही समाज मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह और कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुनगाडीह के लोक चंदा दल ने पारंपरिक लोककला की प्रस्तुति दी। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले लोकनाट्य का मंचन भी किया गया। कु. माधुरी पुरामे की ओडिसी नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

विभागीय प्रदर्शनियों में उत्कृष्ट स्टॉल के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्रथम पुरस्कार मिला। कृषि एवं संबद्ध विभाग को दूसरा और जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (चिप्स) को तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया। स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।