Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON धान खरीदी की तैयारियों के लिए अगले 7 दिन बेहद अहम, कलेक्टर...

धान खरीदी की तैयारियों के लिए अगले 7 दिन बेहद अहम, कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने दिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

2
0

राजनांदगांव। क कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आगामी धान खरीदी की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमले को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि धान खरीदी की सुचारू और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अगले सात दिन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस अवधि में सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर ली जाएं, ताकि खरीदी के दौरान अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायतों के सीईओ को आपसी समन्वय से काम करते हुए धान खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

किसानों की सुविधा सर्वोपरि, पिछले समस्याओं का हो त्वरित निराकरण
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से किसानों के दस्तावेजों और आवश्यक जानकारियों का सत्यापन पूरी गंभीरता से किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले साल धान विक्रय के दौरान जिन किसानों को किसी भी तरह की परेशानी हुई थी, उनसे संपर्क कर उनकी समस्याओं का पहले ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे किसानों की सूची संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

अवैध धान परिवहन पर सख्ती और धर्मकांटों की जांच
सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर ने विशेष रूप से महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाकों में सतर्कता बढ़ाने और आवश्यक स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में एआई (AI) आधारित आधुनिक कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सभी एसडीएम और तहसीलदारों को राइस मिलों का सघन निरीक्षण करने तथा धर्मकांटों की अनिवार्य रूप से जांच कर तौल की शुद्धता परखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके। डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए सर्वेयरों की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान करने के भी निर्देश दिए गए।

खैरा गांव की सफलता पर सराहना, सोलर योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा के सभी 141 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित होने की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने इस कार्य में जुटे जिला पंचायत, जनपद पंचायत, विद्युत विभाग और बैंक अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने जिले के अन्य गांवों को भी शत-प्रतिशत सोलरयुक्त बनाने की दिशा में काम करने को कहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में इस योजना के तहत अब तक 16 हजार 167 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 8 हजार 135 हितग्राहियों द्वारा सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे वे अब स्वयं ऊर्जादाता बन गए हैं। कलेक्टर ने शेष बचे पात्र हितग्राहियों को भी जल्द से जल्द लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा
राजनांदगांव शहर के निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को अंडरब्रिज से लगे ओवरब्रिज की जांच करने तथा यातायात के लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, जल जीवन मिशन के तहत कार्य पूरे कर चुके ठेकेदारों के लंबित भुगतानों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को तय समय-सीमा में उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।