Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON छत्तीसगढ़ ने 26 वर्षों में गड़े विकास के नए कीर्तिमान, प्रभारी मंत्री...

छत्तीसगढ़ ने 26 वर्षों में गड़े विकास के नए कीर्तिमान, प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने राजनांदगांव राज्योत्सव में की शिरकत

2
0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम, राजनांदगांव में जिला स्तरीय भव्य राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने अपने गठन के 26 वर्षों में विकास के अनगिनत नए आयाम स्थापित किए हैं।

‘अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में हुई थी राज्य की नींव’
प्रभारी मंत्री श्री यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया, जिनके मार्गदर्शन में 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में गरीबी, अकाल और पलायन जैसी चुनौतियों का सामना करने वाला हमारा प्रदेश आज कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी पहलों ने दूर-दराज के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।

‘महतारी वंदन और जनकल्याण से मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था’
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। ‘महतारी वंदन योजना’ के जरिए प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके साथ ही, धान खरीदी और तमाम जनहितैषी योजनाओं से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा व्यापक हुआ है।

खैरा गांव बना देश के लिए मिसाल: शत-प्रतिशत घरों में सोलर रूफटॉप
राज्योत्सव के दौरान महापौर मधुसूदन यादव और कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा की ऐतिहासिक उपलब्धि का विशेष रूप से उल्लेख किया। कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि मात्र 850 की आबादी वाले ग्राम खैरा के सभी 141 घरों (93 प्रधानमंत्री आवासों सहित) में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर दिए गए हैं।

इसके साथ ही, ग्राम खैरा इस योजना के तहत शत-प्रतिशत घरों में सोलर सिस्टम लगाने वाला देश का पहला गांव बन गया है। अब इस गांव के ग्रामीण सिर्फ बिजली के उपभोक्ता नहीं, बल्कि स्वयं बिजली उत्पादक यानी ऊर्जा प्रदाता बन चुके हैं। इस शानदार सफलता के लिए जिला प्रशासन, विद्युत विभाग, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों को बधाई दी गई।

संस्कृति और विकास का अनूठा संगम
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का ननिहाल छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने भी ग्रामीण सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं के लाभ पर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लोक गायक निलेश जोगी ने अपनी सुरीली आवाज में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोक गीत, जस गीत और पुराने लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।