छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े गए 23 लोगों को लेकर जांच में नया अपडेट सामने आया है।
इनमें से 18 लोगों के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि हो गई है।
अब 5 लोगों के दस्तावेजों की जांच
18 लोगों की पहचान की पुष्टि के बाद अब पुलिस बचे 5 लोगों के दस्तावेजों की जांच कर रही है। इनके दूसरे पहचान संबंधी दस्तावेज भी मंगाए गए हैं।
पुलिस संबंधित थाना क्षेत्रों और उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड से इन दस्तावेजों का मिलान करेगी। सत्यापन पूरा होने के बाद इन लोगों को लेकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन पूरा होने के बाद इन्हें रायपुर के होल्डिंग सेंटर से रिहा कर दिया गया है।
अब पुलिस की जांच बचे हुए 5 लोगों पर केंद्रित है। पुलिस ने इनके अतिरिक्त दस्तावेज भी मंगाए हैं। कुछ दस्तावेजों में कमी मिली है। वहीं, कुछ लोगों के नाम एसआईआर से हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
4 सितंबर को रायपुर भेजे गए थे 23 लोग
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इन 23 लोगों को पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, करीब दो महीने तक चले अभियान में 1162 लोगों की जांच की गई थी। इस दौरान 23 लोगों के दस्तावेज और पहचान संदिग्ध मिले।
इसके बाद पुलिस टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, जंगीपुर और आसपास के थाना क्षेत्रों में पहुंची। टीम ने संदिग्धों के बताए पते और दस्तावेजों का सत्यापन कराया।
शुरुआती जांच के बाद 4 सितंबर को सभी 23 लोगों को रायपुर के होल्डिंग सेंटर भेजा गया था। यहां अंतिम दस्तावेज सत्यापन तक उन्हें रखा गया था।
पुलिस की शुरुआती जांच में कुछ दस्तावेजों को लेकर सवाल उठे थे। कुछ मामलों में पिता की जगह ससुर का नाम दर्ज मिला था। मूल निवास और पहचान से जुड़े दस्तावेजों में भी कमियां सामने आई थीं।
इन्हीं आधारों पर पुलिस ने इन लोगों की पहचान की जांच शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में इनके बांग्लादेशी नागरिक होने का संदेह जताया गया था। अब 18 लोगों की भारतीय नागरिकता की पुष्टि होने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया है।
जांच में सामने आया कि इनमें से कुछ लोग बाल के बदले बर्तन देने का काम करते थे। वहीं, कुछ लोग टेंट और पंडाल लगाने से जुड़े थे।
पुलिस ने इनके पश्चिम बंगाल स्थित पते और स्थानीय दस्तावेजों की जानकारी भी जुटाई थी। इसके आधार पर संबंधित थाना क्षेत्रों से रिकॉर्ड का सत्यापन कराया गया।



