ट्राइबल म्यूजियम बनेगा , राजबाड़े का भी होगा जीर्णोद्धार
औंधी में वितरण केंद्र बनेगा, जूनियर इंजीनियर की होगी नियुक्ति
राजनांदगांव 05 जून 2018। मानपुर की इतिहास की विरासत को संजोने के साथ ही इसके उन्नत भविष्य के लिए भी आज कई घोषणाएँ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को हाइटेक करने चार करोड़ रुपए की घोषणा मुख्यमंत्री ने की। इस केंद्र में बीजापुर जिला अस्पताल की तरह ही माड्यूलर ओटी होगा तथा हाइजिन युक्त वातावरण में सर्जरी की सुविधा भी अंदरूनी इलाकों में मिलेगी। इसके साथ ही मानपुर-पानाबरस इलाके के समृद्ध इतिहास को संजोये रखने बड़ी घोषणा मुख्यमंत्री ने की। राजबाड़े का जीर्णोद्धार होगा। इसका निर्माण लाल निजाम शाह ने कराया था। इसके साथ ही ट्राइबल म्यूजियम भी बनेगा, इसमें इस इलाके की जनजातीय समृद्धि प्रदर्शित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरूआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री देव प्रसाद आर्य का आशीर्वाद लेकर की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के आशीर्वाद से जीवन में समृद्धि का रास्ता खुलता है। उन्होंने कहा कि मानपुर में आज 327 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ है। मानपुर में तेजी से सड़कों का जाल बिछा है। अंदरूनी सड़कों का जाल बिछा है। सौभाग्य योजना के माध्यम से हर घर में विद्युतीकरण का रास्ता खुल गया है। आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रदेश के 37 लाख गरीब परिवारों के लिए इलाज सुलभ हो गया है। मुख्यमंत्री ने जिले में अधोसंरचना एवं विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए कलेक्टर श्री भीम सिंह, एसपी श्री प्रशांत अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री चंदन कुमार एवं प्रशासनिक अमले की प्रशंसा की। उन्होंने विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सतत सहयोग देने मानपुर की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि मानपुर ब्लाक में सड़कों के जाल बिछाने से तेजी से विकास का रास्ता प्रशस्त हुआ है। मदनवाड़ा-सीतागांव सड़क से अनेक गाँवों को बारहमासी सड़क संपर्क का लाभ मिला है। तेज गति से बहने वाली ततोरा नदी के लिए कैंटीलीवर ब्रिज की योजना बनाई गई। आज कंदाड़ी के लोगों का संपर्क बरसात में भी इसकी वजह से बना हुआ है। 250 तक की छोटी बसाहटों वाली आबादी के लिए पीएमजीएसवाय सड़कें स्वीकृत की गईं। तेंदूपत्ता संग्रहण दर 500 रुपए से 2500 रुपए प्रति मानक बोरा की गई। मात्र 19 करोड़ रुपए की बीमा राशि पर किसानों को 400 करोड़ रुपए का फसल बीमा दिया गया। इसके साथ ही सूखा राहत राशि भी दी गई।
इस अवसर पर बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, नगर निगम राजनांदगांव के महापौर श्री मधुसूदन यादव, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी, राज्य उर्दू अकादमी के अध्यक्ष श्री अकरम कुरैशी, विधायक डोंगरगढ़ श्रीमती सरोजनी बंजारे, नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष श्री रमेश पटेल, राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री संतोष अग्रवाल, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी, गृह निर्माण मंडल के सदस्य श्री नरेश डाकलिया, राज्य अंत्यावसायी वित्त विकास निगम के सदस्य श्री पवन मेश्राम, पूर्व विधायक श्री रजिन्दर पाल सिंह भाटिया एवं श्री शिवराज उसारे तथा श्री संजीव शाह, श्री कोमल सिंह जंघेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री भरत वर्मा एवं श्री प्रदीप गांधी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री शशिकांत द्विवेदी, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री सावन वर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुखम बाई चौरे सहित आईजी श्री जीपी सिंह, कलेक्टर श्री भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री चंदन कुमार, वनमंडलाधिकारी श्री मोहम्मद शाहिद, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यदु के अलावा जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।
औंधी के बच्चों को दिया आशीर्वाद, खूब पढ़ो, खूब तरक्की करो-
मुख्यमंत्री ने आम सभा से मदनवाड़ा स्कूल में बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाली यामिनी निषाद की तारीफ की। वे स्कूल शिक्षा विभाग के स्टाल में अच्छे अंक लाने वाले बच्चों से भी मिले। इनमें कुछ नक्सल प्रभावित परिवारों के विद्यार्थी भी थे। इसके साथ ही औंधी स्कूल की छात्राएँ भी थीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें आशीर्वाद दिया। ये छात्राओं के लिए बहुत भावुक क्षण था।
कौशल एप की लांचिंग-
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कौशल एप की लांचिंग भी की। इस एप के माध्यम से नियोक्ता और हुनरमंद लोगों को एक ही मंच पर लाया जा सकेगा। इससे हुनरमंद लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
औंधी में वितरण केंद्र-
औंधी में बिजली कंपनी अपना वितरण केंद्र खोलेगी। इससे 25 गांवों के लोगों को बिजली की शिकायत के लिए मानपुर तक नहीं आना पड़ेगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने की।
विकास यात्रा के दौरान मानपुर आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 327 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 54587 हितग्राहियों को 55 करोड़ रुपए की राशि की सामग्री का वितरण भी किया। मानपुर में 95 करोड़ रुपए की लागत से 41 कार्यों का लोकार्पण तथा 232 करोड़ रुपए की लागत से 114 कार्यों का भूमिपूजन किया। लोकार्पित हुए प्रमुख कार्यों में 33 करोड़ रुपए की लागत से बनी अंबागढ़ चौकी समूह नलजल योजना, 14 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पांगरी से चौकी मार्ग पर शिवनाथ नदी में उच्चस्तरीय पुल, 7 करोड़ 72 लाख रुपए की लागत से निर्मित मानपुर से ऊँचापुर सड़क निर्माण, नंदिया-बरारमुंडी मार्ग पर 6 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से शिवनाथ नदी में निर्मित पुल, टाटेकसा-खैरी मार्ग पर 3 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से पुल निर्माण शामिल हंै। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें 24 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से बनने वाली कोहका-सीतागांव-औंधी-मुरूमगांव सड़क, 12 करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से बनने वाली बोरिया-मोहला सड़क, 12 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से मोहला-वासड़ी मार्ग पर पुल, परवीडीह भोजटोला मार्ग पर 10 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क, 10 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाली एकटकन्हार-भर्रीटोला मार्ग शामिल हैं। मुख्यमंत्री इस अवसर पर 113 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली पीएमजीएसवाय की 77 सड़कों का भूमिपूजन भी किया।
इस अवसर पर 24 हजार 783 हितग्राहियों को आबादी पट्टा प्राप्त हुआ। 17 हजार 694 किसानों को 15 करोड़ 89 लाख रुपए का धान बोनस वितरित किया गया। इस मौके पर 3974 ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास एवं 550 हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना का लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के अंतर्गत विकास यात्रा के अवसर पर 4623 हितग्राहियों को सायकल वितरित की गई। इस मौके पर 517 फड़मुंशियों को भी साइकिल वितरित किया गया। मुख्यमंत्री श्रमिक सहायता योजना के अंतर्गत 2389 हितग्राहियों को औजार वितरित किए गये। बिहान योजना के अंतर्गत 228 समूहों की महिलाओं को चक्रीय निधि, बैंक लिंकेज आदि के रूप में 93 लाख रुपए की राशि का चेक भी दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया।