छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कांग्रेस सरकार ने अपने गठन के एक साल पूरे कर लिए हैं। आज ही के दिन एक साल पहले भूपेश बघेल ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सभी मंत्री मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश सरकार की एक साल की उपलब्धियों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सबसे पहले प्रदेश वासियों को राज्य सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार ने एक साल का कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में अपना भाषण देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने एक वर्ष के दौरान कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनकी चर्चा इन दिनों पूरे देश में छत्तीसगढ़ मॉडल के रूप में की जा रही है।
राहुल गांधी ने झारखंड में अपने हर भाषण में छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल के दौरान हुए विकास को फोकस किया। रामलीला मैदान में भी राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का जिक्र किया। राहुल गांधी अक्सर कहते हैं कि हर वर्ग को लगना चाहिए कि यह सरकार, हमारी सरकार है।
आज इस बात की खुशी है कि हर वर्ग यह महसूस कर रहे है कि यह मेरी सरकार है। इसका पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने आगे कहा कि आदिवासियों की जमीन वापसी का कानून देश में बना, लेकिन इसे छत्तीसगढ़ सरकार ने सबसे पहले अमल में लाया है।
दुनिया में आदिवासियों की जमीन छीनने का काम होता है, लेकिन वापसी का पहला काम किया गया। यहीं से आम जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार के प्रति प्रबल होता गया है, और आगे भी यह जारी रहेगा। हमारी सरकार का सबसे पहला मकसद जनहित और लोक कल्याण ही है।
शहरी क्षेत्र में इन दिनों आवासिय पट्टे के लिए सर्वे का काम चल रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती (19 नवंबर) के दिन से कब्जाधारियों को पट्टा वितरण का काम शुरू किया जाएगा। कांग्रेस सरकार राज्य के किसानों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।
किसानों की आय बढ़ाना राज्य सरकार के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है। किसानों के धान का पूरा समर्थन मूल्य और पहले से तय किया गया बोनस उन्हें जरूर मिलेगा। हम हर एक किसान का धान 2500 स्र्पये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गो पालन की परंपरा को जीवित रखने के लिए गोठान और नरवा गरवा घुरवा और बारी की योजना चलाई जा रही है और पूरे देश में आज इन योजनाओं की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सुराजी ग्राम योजना में सभी कांग्रेसियों की भागीदारी जरूरी है।
विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि इन दिनों देश संप्रदायिकता की आग में जल रहा है। देश के सामने आज यह सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। हिंसा हो रही है और छात्रों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। जलाना काटना और बांटना ही इनका काम रह गया है। भय का वातावरण बनाया जा रहा है। इनका एक ही उद्देश्य है कि वे किसी भी तरह देश की केंद्रीय सत्ता में बने रहना चाहते हैं और इस लिए अशांति फैलाकर समाज का ध्रुवीकरण कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि आधा बजट किसानों की उन्नति में दिया गया। उन्होंने आंकड़ों के साथ बताया कि बिजली बिल माफ किया गया, किसानों का कर्ज माफ किया गया। सभी को 35 किलो चावल देने का वादा पूरा किया गया।
अकबर ने कहा कि एक कोटवार ने मुझसे पूछा कि जब आपने सबका राशन कार्ड बनाने को कहा है, तो क्या कोटवारों का भी कार्ड बनेगा। हमने कहा कि कोटवार क्या कलेक्टर का राशन कार्ड बनेगा। अकबर ने कहा कि जब पूरा देश आर्थिक रूप से कमजोर हुआ उस दौर में कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल सेक्टर में बूम आया। पिछले साल हमने 80 लाख मैट्रिक टन धान खरीदा। इस साल हमारा लगभग 85 लाख मैट्रिक टन है।
मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि एक साल में हमने कुछ लक्ष्य को पूरा किया है,जो काम बाकी है, उन्हें पूरा करने के लिए मन में सुकून की भावना के साथ जुटेंगे। यही संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे। अपनी ओर से कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।