बीसीसीआई सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 2024-25 में छत्तीसगढ़ की महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. बड़ौदा में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में टीम ने अपने विजय रथ को बरकरार रखते हुए लगातार चार जीत दर्ज कर ली हैं.
छत्तीसगढ़ ने अपने चौथे मुकाबले में विदर्भ को सात विकेट से करारी शिकस्त दी. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने धारदार गेंदबाजी के दम पर विदर्भ को 47.5 ओवरों में महज 158 रनों पर समेट दिया.
इसके जवाब में छत्तीसगढ़ ने 47.3 ओवरों में केवल तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए महक नरवासे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
इससे पहले 10 फरवरी को खेले गए मैच में छत्तीसगढ़ ने चंडीगढ़ को 20 रनों से हराया था. छत्तीसगढ़ के 182 रनों के जवाब में टीम ने अपनी सधी हुई गेंदबाजी के दम पर लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया, जिसमें श्रेया श्रीवास के पांच विकेटों ने अहम भूमिका निभाई.
वहीं, 8 फरवरी को उत्तराखंड के खिलाफ खेला गया मैच बेहद रोमांचक रहा. उत्तराखंड के 234 रनों का पीछा करते हुए कप्तान कृति गुप्ता की नाबाद 94 रनों की कप्तानी पारी और शिल्पा साहू के 51 रनों के योगदान से छत्तीसगढ़ ने एक गेंद शेष रहते जीत हासिल की.
टीम ने अपने अभियान की शुरुआत 6 फरवरी को राजस्थान पर चार विकेट की जीत के साथ की थी, जिसमें प्रीति यादव और शिवानी कृष्णा के बीच हुई 83 रनों की अटूट साझेदारी ने टीम की जीत सुनिश्चित की थी.



