Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और भरत वर्मा का पुतला फूंककर जताया विरोध

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और भरत वर्मा का पुतला फूंककर जताया विरोध

1
0

राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजनों ने जयस्तंभ चौक, राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सड़क निर्माण में अनियमितता, ठेका कंपनी के कर्मचारियों से गाली-गलौज एवं दुर्व्यवहार तथा 50 लाख रुपये मांगने के गंभीर आरोपों पर निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान द्वारा जारी बयान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता थी तो संबंधित विभाग के अधिकारियों और तकनीकी अमले से जांच कराई जानी चाहिए थी। कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार करना गंभीर मामला है।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में ठेका कंपनी के कर्मचारियों ने 50 लाख रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस मांग करती है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज एवं दुर्व्यवहार के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

विपिन यादव ने कहा कि भाजपा स्वयं को संस्कार और अनुशासन की पार्टी बताती है, लेकिन उसके वरिष्ठ नेता पर कर्मचारियों से दुर्व्यवहार और 50 लाख रुपये मांगने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। राजनांदगांव के भाजपा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधायक,विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को भी इस घटना पर सार्वजनिक बयान जारी करना चाहिए। उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि कर्मचारियों के साथ हुए इस कथित दुर्व्यवहार और 50 लाख रुपये मांगने के आरोपों पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है तथा पार्टी अपने वरिष्ठ नेता के विरुद्ध क्या कार्रवाई करेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

डोंगरगढ़ विधायिका हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि भाजपा शासनकाल में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और भ्रष्टाचार को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए तथा निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों के साथ किए गए दुर्व्यवहार की भी निष्पक्ष जांच हो। दोनों मामलों में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस पुतला दहन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव, डोंगरगढ़ विधायिका हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व विधायक धनेश पटिला एवं भुवनेश्वर बघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष भागवत साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी कुतुबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, महेंद्र यादव, विभा साहू, राहुल तिवारी, पंकज बांधव, हनी ग्रेवाल, रितेश जैन, विजयराज सिंह चौहान, ललित कुमरे, रज्जू जान, दुर्गेश द्विवेदी, राजकुमार सिन्हा, हरीश भंडारी, शिशुपाल भारती, चुम्मन साहू, रमा देवी वर्मा, मदन साहू, लालचंद साहू, रोशन रजक, वसीम भाई, सोनू खान, राजू सिंह राजपूत, पूरन साहू, सुयश नाहटा, विष्णु लोधी, संजय मुरकुटे, सुरेश सिन्हा, पंचराम चंदेल, प्रताप धावड़े, गणेश साहू, दीपक साहू, अब्दुल खान, योगेंद्र दास वैष्णव, महेश दिवाकर, झम्मन देवांगन, अमित अग्रवाल, सागर ताम्रकार, मुन्ना इब्राहिम, फरमान अली, करीम मेमन, प्रदीप पटेल, विक्की पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।