1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर पर बदल जाएगा पूरा खेल, सब्सिडी चाहिए तो पहले करना होगा ये काम, वरना गैस मिलेगी लेकिन जेब पर पड़ेगा ज्यादा भार!
जिन ग्राहकों का ऑथेंटिकेशन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा कुछ करने की जरूरत नहीं है।
बिना ऑथेंटिकेशन के भी LPG सिलेंडर मिल सकेगा, लेकिन सब्सिडी वाली दर का लाभ नहीं मिलेगा।
19 सितंबर तक 27.43 करोड़ यानी 89.9% सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं का ऑथेंटिकेशन पूरा हो चुका है।
घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, जो उपभोक्ता सब्सिडी वाली दर पर घरेलू LPG रिफिल लेना चाहते हैं, उन्हें Biometric Aadhaar Authentication पूरा करना होगा। यानी जिन लोगों ने अभी तक यह प्रक्रिया नहीं कराई है, उनके लिए अब मामला टालने वाला नहीं है।
हालांकि, जिन लोगों ने पहले ही अपना Biometric Aadhaar Authentication पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा कोई कार्रवाई नहीं करनी होगी। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता यानी करीब 89.9 फीसदी ग्राहक यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। ऐसे ग्राहकों की सब्सिडी वाली रिफिल बुकिंग सामान्य रूप से जारी रहेगी।
अब सवाल है कि जिन लोगों का ऑथेंटिकेशन बाकी है, वे इसे पूरा कैसे करें? इसके लिए तीन रास्ते दिए गए हैं। पहला, सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए; दूसरा, LPG वितरक के शोरूम पर जाकर; और तीसरा, संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के मोबाइल ऐप से घर बैठे। इंडेन ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस ग्राहक HelloBPCL और HP Gas ग्राहक HP PAY ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कोई ग्राहक Biometric Aadhaar Authentication नहीं कराना चाहता या नहीं करा पाता, तो उसकी LPG सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं होगी। सरकार के मुताबिक ऐसे ग्राहक बाजार कीमत पर सिलेंडर ले सकते हैं, लेकिन उन्हें सब्सिडी वाली दर का लाभ नहीं मिलेगा। इसके लिए उन्हें संबंधित OMC के डिजिटल चैनलों के जरिए अपनी पसंद दर्ज करनी होगी।
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का मकसद सब्सिडी का फायदा वास्तविक और पात्र घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंचाना, डुप्लीकेट या अपात्र कनेक्शनों को हटाना और घरेलू LPG के व्यावसायिक इस्तेमाल को रोकना है। मंत्रालय के मुताबिक सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर पर निहित सब्सिडी करीब 210 रुपये है। यानी जिन लोगों को सब्सिडी मिलती है, उनके लिए यह बदलाव सीधे जेब से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल सरकार ने उन LPG उपभोक्ताओं से 1 अक्टूबर से पहले Biometric Aadhaar Authentication पूरा करने की अपील की है, जिनका यह काम अभी बाकी है। यानी गैस सिलेंडर वालों के लिए असली डेडलाइन अब बिल्कुल सामने है-ऑथेंटिकेशन करा लिया तो सब्सिडी वाली बुकिंग जारी, नहीं कराया तो सिलेंडर तो मिलेगा लेकिन सब्सिडी का फायदा नहीं मिलेगा।



