राजनांदगांव। जिले में रबी वर्ष 2025-26 के बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्य को पार कर लिया गया है। कृषि विभाग द्वारा निर्धारित 1000 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले कुल 1146 हेक्टेयर क्षेत्र में बीज उत्पादन कार्य पूर्ण किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 65 प्रतिशत अधिक है।
उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष बीज उत्पादन कार्यक्रम में विशेष रूप से दलहन और तिलहन फसलों के प्रमाणित बीज उत्पादन को प्राथमिकता दी गई। कृषि विभाग ने किसानों को बीज उत्पादन के लाभ और प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने के लिए व्यापक प्रयास किए। विभाग द्वारा तैयार किए गए योजनाबद्ध कार्यक्रम में कृषि अधिकारियों और मैदानी अमले की सक्रिय भूमिका रही। उनके द्वारा समय-समय पर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया और पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रशिक्षण भी आयोजित किए गए।
इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि बड़ी संख्या में किसानों ने स्वेच्छा से बीज उत्पादन कार्यक्रम में भाग लिया। इस सफलता से आगामी रबी मौसम में जिले में दलहन और तिलहन के प्रमाणित बीजों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही जिले को उच्च गुणवत्ता वाले बीज समय पर मिल सकेंगे, जिससे बाहरी स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी और किसानों को स्थानीय स्तर पर बीजों की उपलब्धता हो सकेगी।
यह कार्यक्रम जिले में बीजों की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसके साथ ही दलहन और तिलहन की फसलों के क्षेत्र में विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी और जल संरक्षण एवं फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।



