राजनांदगांव। जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत आश्रित ग्राम जामसरारखुर्द में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को दूर कर दिया है। कभी पानी की चिंता के साथ शुरू होने वाली सुबह अब नल से पानी आने की सुविधा के साथ शुरू हो रही है।
एक समय था जब गांव की महिलाओं को घर के काम छोड़कर दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती थी। जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों ने गांव की तस्वीर बदल दी है। अब प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे महिलाओं को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता।
योजना के तहत गांव में 12 मीटर ऊंचा और 40 किलोलीटर क्षमता का जलागार बनाया गया है। राइजिंग मेन और विस्तृत वितरण पाइपलाइन के जरिए गांव की हर गली और हर घर तक पानी पहुंचाया गया है। ग्राम जामसरारखुर्द के कुल 133 घरों में नल कनेक्शन दिए जाने से अब ग्रामीणों को पानी के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता।
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बोरवेल, सबमर्सिबल पंप के साथ क्लोरीनेशन एवं इलेक्ट्रोक्लोरीनेशन सिस्टम की भी स्थापना की गई है। इससे जलजनित बीमारियों में कमी आई है और ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। महिलाओं के समय की बचत होने से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्यों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कार्य पूर्ण होने के बाद गांव को हर-घर-जल प्रमाणित किया गया है और पेयजल व्यवस्था के संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी गई है। जल जीवन मिशन ने ग्राम जामसरारखुर्द की दिशा और दशा बदल दी है, जिससे ग्रामीणों का जीवन अब पहले से कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो गया है।



