Home छत्तीसगढ़ CG: पोल्ट्री उद्योग 50 वर्षों के सबसे बड़े संकट.. महंगे चारे के...

CG: पोल्ट्री उद्योग 50 वर्षों के सबसे बड़े संकट.. महंगे चारे के कारण उत्पादन घटा, जमाखोरी पर लगाम लगाने की मांग…

2
0

पोल्ट्री उद्योग 50 वर्षों के सबसे बड़े संकट का सामना कर रहा है, महंगे चारे के कारण उत्पादन घटा, जमाखोरी पर लगाम लगाने की मांग*

राजनांदगांव। देश का पोल्ट्री उद्योग इस समय पिछले 50 वर्षों के सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है। ‘ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन’ के चेयरमैन बहादुर अली ने मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पोल्ट्री चारे की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे गांवों में पोल्ट्री फार्म बंद होने की कगार पर आ गए हैं। उन्होंने बताया कि मक्का और सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद, बाजार में कृत्रिम कमी पैदा की जा रही है, जिससे पोल्ट्री से जुड़े किसानों की आर्थिक स्थिति खराब होने लगी है।

बहादुर अली ने इस संकट का कारण बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया और व्यापारियों की एक लॉबी देश में मक्का और सोयाबीन की कमी की भ्रामक अफवाहें फैला रही है। ऐसा माहौल बनाया जा रहा है मानो मक्का और सोयाबीन का स्टॉक करके कोई भी रातों-रात करोड़पति बन सकता है। इस वजह से गांवों में गोदाम बनाकर बड़े पैमाने पर इनका भंडारण शुरू हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी और कृषि आंकड़ों के अनुसार, देश के हर राज्य में इन फसलों का भरपूर उत्पादन हुआ है और वास्तव में कोई कमी नहीं है, बल्कि जानबूझकर एक कृत्रिम संकट खड़ा किया जा रहा है।

बढ़ती लागत और महंगाई का सीधा असर अब पोल्ट्री उत्पादन पर पड़ने लगा है। एसोसिएशन के चेयरमैन के अनुसार, चारे के महंगे होने के कारण उद्योग ने अपना उत्पादन घटा दिया है। इसका सीधा असर 15 दिसंबर के बाद बाजार पर दिखेगा और कीमतों में बढ़ोतरी के कारण खपत भी कम हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मक्के की बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ पोल्ट्री उद्योग पर ही नहीं, बल्कि इथेनॉल संयंत्रों पर भी पड़ा है। कई इथेनॉल इकाइयां बंद हो गई हैं और अब वे अपनी समस्याओं को लेकर सरकार के पास जा रही हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह मक्के की कीमतें 2 लाख के स्तर तक पहुंचने के बाद अब 2.5 मिलियन के स्तर तक पहुंच गई हैं, उसी तरह जनवरी तक मक्का और सोयाबीन की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिलेगी।

सरकार से हस्तक्षेप की मांग*

बहादुर अली ने इस गंभीर स्थिति से उद्योग और किसानों को उबारने के लिए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार को मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट (भंडारण सीमा) लगानी चाहिए, ताकि जमाखोरी पर लगाम लगाई जा सके। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि पोल्ट्री उद्योग को भी ‘कनकी’ (टूटे चावल) उसी दर पर उपलब्ध कराई जाए, जिस दर पर यह इथेनॉल उत्पादन के लिए सरकार को रियायती तौर पर मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका मकसद किसानों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि जमाखोरी को रोककर पोल्ट्री और डेयरी उद्योग से जुड़े लाखों ग्रामीण किसानों की आजीविका को बचाना है।