राजनांदगांव। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के किसानों को फरवरी 2026 में 22वीं किस्त की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि वे एग्रीस्टेक पोर्टल में अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
जानकारी के अनुसार, योजना के तहत अब तक कुल 1,07,275 किसान लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 94,917 किसानों का पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल में हो चुका है, जबकि 12,358 किसानों का पंजीयन शेष है। पंजीयन शेष किसानों में राजनांदगांव विकासखंड के 2,944, डोंगरगांव के 2,758, डोंगरगढ़ के 2,680 और छुरिया के 3,982 किसान शामिल हैं।
साथ ही जिले में पीएम किसान योजना के तहत ई-केवायसी के 691, लैंड सीडिंग के 67, आधार सीडिंग के 1,014 और सस्पेक्टेड केस के 992 प्रकरण लंबित हैं।
किसानों से कहा गया है कि वे नजदीकी लोक सेवा केंद्र, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या कृषक संगवारी से संपर्क कर लंबित सस्पेक्टेड केस का भौतिक सत्यापन कराएं। इसके बाद पीएम किसान की वेबसाइट के फार्मर कॉर्नर में अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन विकल्प के माध्यम से जानकारी अपडेट करें।
साथ ही ई-केवायसी और आधार सीडिंग को पूर्ण कराने के लिए अपने संबंधित बैंक शाखा से संपर्क करें और खाते में आधार बेस्ड पेमेंट एनेबल (डीबीटी) सुनिश्चित करें। विभाग का कहना है कि इससे सभी पात्र किसान आगामी किस्त का लाभ समय पर ले सकेंगे।



