Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्षेत्र में सर्वाधिक विकास, नागरिकों का जीवन हुआ रोशन...

छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्षेत्र में सर्वाधिक विकास, नागरिकों का जीवन हुआ रोशन : स्कूल शिक्षा मंत्री

1
0

राजनांदगांव। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री और जिले के प्रभारी श्री गजेन्द्र यादव आज गांधी सभागार में छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल हितग्राही, कृषि सिंचाई पंप उपभोक्ता और घरेलू उपभोक्ताओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों और स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा निबंध, नारा लेखन, भाषण, पोस्टर एवं ओपन चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव भी उपस्थित थे।

मंत्री श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्षों में प्रदेश का व्यापक विकास हुआ है। ऊर्जा क्षेत्र में सबसे अधिक प्रगति हुई है। अविभाजित छत्तीसगढ़ में केवल 56 हजार कृषि पंप उपभोक्ता थे, जबकि अब प्रदेश में 8 लाख से अधिक किसान उपभोक्ताओं के पास कृषि पंप उपलब्ध हैं। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा गांव-गांव में सबमर्सिबल पंप स्थापित कर बिजली पहुंचाई गई है, जिससे नागरिकों का जीवन रोशन हुआ है और कृषि क्षेत्र में भी वृद्धि हुई है।

श्री यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नया रायपुर में ऊर्जा का बड़ा केन्द्र स्थापित किया जाएगा, जिससे ट्रांसफार्मर निर्माण सहित विभिन्न विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए स्मार्ट मीटर भी लगाए गए हैं, जिससे वे एटीपी के माध्यम से बिजली का भुगतान आसानी से कर पा रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सोलर एनर्जी का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। सरकार घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी दे रही है, जिससे घरों में बिजली बिल में बचत होगी।

कार्यपालन निदेशक श्री शिरीष सेलट ने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा राज्य निर्माण से अब तक किए गए कार्यों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर श्री एमडी ठाकुर, श्री शिव वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।