Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला फाइलेरिया टास्क फोर्स की बैठक संपन्न, एमडीए...

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला फाइलेरिया टास्क फोर्स की बैठक संपन्न, एमडीए अभियान 10 से 25 फरवरी तक

1
0

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला फाइलेरिया टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर ने जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया और आगामी ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान की तैयारियों पर चर्चा की। एमडीए अभियान 10 से 25 फरवरी तक चलने वाला है, जिसमें फाइलेरिया रोधी दवाओं का वितरण किया जाएगा।

कलेक्टर श्री यादव ने अभियान के तहत शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को दवाएं उपलब्ध कराने और उनका सेवन सुनिश्चित कराने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजागरूकता गतिविधियों पर भी जोर दिया और नागरिकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा दी जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन करें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने एमडीए अभियान के संचालन की योजना साझा की। उन्होंने बताया कि 10 से 12 फरवरी तक दवा सेवन के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों, शैक्षणिक संस्थाओं, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हाथ बाजार में बूथ लगाए जाएंगे। इसके बाद 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर दवाएं वितरित करेंगे और 23 से 25 फरवरी तक मॉप-अप चक्र के दौरान छूटे हुए व्यक्तियों को दवा दी जाएगी।

डॉ. नवरतन ने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर रोग है, जिसे नियमित दवा सेवन से रोका जा सकता है। एमडीए अभियान के तहत दी जाने वाली दवाएं सुरक्षित और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा अनुशंसित हैं। हालांकि, कभी-कभी दवा लेने के बाद हल्के बुखार, सिरदर्द, मतली या थकान जैसे लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं, जो सामान्यत: कुछ समय में ठीक हो जाते हैं और चिंता की बात नहीं होती।

इस बैठक के दौरान “टुवड्र्स एलिमिनेशन ऑफ लिम्फाटिक फिलरिसिस-राजनांदगांव” नामक पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसमें फाइलेरिया उन्मूलन के प्रयासों, नाइट ब्लड सर्वे, माइक्रोफाइलेरिया दर में गिरावट, उच्च दवा सेवन कवरेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी को शामिल किया गया है।

बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री आयुष जैन, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।