कोण्डागांव। पुलिस और सुरक्षा बलों की तेज कार्रवाई और बड़े ऑपरेशन्स की वजह से बस्तर में नक्सली बैकफुट पर आ गए हैं। जंग के मोर्चे पर सुरक्षा बलों के हाथों मात खाने से बौखलाए नक्सली अब ग्रामीणों को लगातार अपना निशाना बना रहे हैं। ग्रामीणों को मुखबिरी के शक में अगुआ किया जा रहा है और उनकी हत्या कर दी जा रही है। ऐसी ही एक घटना नक्सल प्रभावित कोण्डागांव जिले के मरदापाल थाना क्षेत्र में स्थित कुधूर गांव में हुई।
यहां के रहने वाले नीलधर यादव नामके युवक को नक्सलियों ने उसके घर से अगुआ किया और फिर उसकी हत्या कर लाश सड़क पर फेंक दी। लाश के साथ नक्सलियों ने कुछ पर्चे छोड़े हैं जिसमें युवक पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया गया है।
मृतक के बारे में जानकारी मिली है कि उसे पहले स्थानीय पुलिस द्वारा नक्सली सहयोगी होने के संदेह पर पकड़ा गया था। बाद में युवक को पुलिस ने छोड़ दिया था। इसके बाद से नक्सलियों को शक था कि युवक पुलिस के लिए मुखबिरी कर रहा है। इसी वजह से नक्सलियों ने उसकी हत्या कर दी।