धमतरी जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम मांदागिरी के जंगलों में आज सुबह पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ करीब आधे घंटे तक चली, जिसमें दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। जानकारी के अनुसार, धमतरी पुलिस और डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने मिलकर माओवादी कैंप को ध्वस्त कर दिया है।
माओवादी की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद डीआरजी की 25-30 सदस्यीय टीम माओवादी विरोधी अभियान के तहत सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। सर्च अभियान के दौरान मांदागिरी के जंगल और पहाड़ी इलाकों में पुलिस और माओवादियों के बीच अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। माओवादियों ने स्वचालित हथियारों से पुलिस पार्टी पर हमला किया, जिसके जवाब में पुलिस ने भी पेड़ों की आड़ लेकर माओवादियों पर जवाबी फायरिंग की।
मुठभेड़ लगभग आधे घंटे तक जारी रही। इस दौरान पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में दो से तीन नक्सलियों के घायल होने की संभावना जताई जा रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस पार्टी ने घटनास्थल की सघन तलाशी अभियान चलाया है। इस घटना की पुष्टि धमतरी के एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने की है।
सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी है, और इलाके में माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन को आगे बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है।