डोंगरगढ़। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्राम पंचायत देवडोंगर पहुंचकर देवगोड़ी एवं मंच निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विकास कार्यों की आधारशिला रखने के साथ-साथ प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए।
विधायक हर्षिता बघेल ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के हितों के प्रति गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को ठगने का काम किया जा रहा है। वृद्ध और विधवा महिलाओं को मिलने वाली निराश्रित पेंशन की राशि को काटकर उसे महतारी वंदन का नाम दिया जा रहा है, जो कि महिलाओं के हक पर डाका डालने जैसा है।”
इसके साथ ही उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों का हक मार रही है और सही समय पर तथा पूरी मात्रा में धान की खरीदी नहीं कर रही है, जिससे किसानों को प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।
विधायक बघेल ने ग्रामवासियों से यह भी वादा किया कि वे क्षेत्र की प्रगति के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेंगी और देवगोड़ी तथा मंच निर्माण से स्थानीय संस्कृति और सामाजिक आयोजनों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



