Bilaspur Politics : बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में कांग्रेस के पदाधिकारी व दिग्गज से लेकर कार्यकर्ता इन दिनों अपने ब्लाक व बूथों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चला रहे हैं।
पीसीसी का यह अभियान धीरे-धीरे राजनीतिक अभियान के रूप में बदल गया है। पदयात्रा के बहाने कांग्रेसी दिग्गज राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को घर-घर पहुंचा रहे हैं। योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ ही जरूरी फीडबैक भी ले रहे हैं। लोगों से मिल रहे फीडबैक को सीधे पीसीसी के हवाले कर रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर उनके अभियान को पीसीसी ने छत्तीसगढ़ में आगे बढ़ाने की योजना बनाई। शुरुआती दौर में राहुल गांधी के समर्थन में प्रदेश में उसी की तर्ज पर यात्रा निकालने का रोडमैप तैयार किया गया था। यात्रा अब प्रदेशभर में जोर पकड़ने लगी है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ भी नजर आने लगी है। संगठनात्मक सक्रियता के साथ ही अब इस यात्रा में राजनीतिक रंग भी चढ़ने लगा है। कांग्रेस के नेता यात्रा के दौरान इकठ्ठा होने वाली भीड़ को अपने अंदाज में संबोधित भी कर रहे हैं। इस दौरान उनका फोकस सिर्फ और सिर्फ दो ही बातों पर है।
केंद्र सरकार की विफलता। इसमें भी राहुल गांधी द्वारा सदन में उठाए गए अदाणी का मुद्दा। शेयर स्केम को लेकर प्रभावी अंदाज में लोगों के बीच रख रहे हैं। केंद्र की विफलता और योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य सरकार द्वारा तय किए जा रहे सफलता के पायदान का जिक्र करना भी नहंीं भूल रहे हैं। खास बात ये कि जब अपनी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को बताते हैं तब लोगों को चेहरा पढ़ना नहीं भूल रहे हैं और केंद्र की विफलता पर जोर देने के दौरान भी लोगों का बारीकी के साथ चेहरा पढ़ रहे हैं। इन दोनों मुद्दों के बीच लोगों की प्रतिक्रिया भी ले रहे हैं। यात्रा अब पूरी तरह राजनीतिक मोड में चलते नजर आ रही है। दिग्गज भी इसी अंदाज में यात्रा का संचालन करते नजर आ रहे हैं।
इनकी रहती है उपस्थिति
अभियान में प्रदेश पदाधिकारी गण, संसदीय सचिव, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, पूर्व महापौर, अपैक्स बैंक अध्यक्ष, पर्यटन मंडल अध्यक्ष, योग आयोग के सदस्य, छत्तीसगढ़ आवास संघ, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, अरपा बेसिन प्राधिकरण के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, शहर पर्यवेक्षक, सभी ब्लाक पर्यवेक्षक, सभी ब्लाक अध्यक्ष, जोन अध्यक्ष, शहर कार्यकारिणी सदस्य, एमआइसी सदस्य, पार्षद, पूर्व पार्षद, एल्डरमैन, निर्वचित जनप्रतिनधि, ब्लाक कांग्रेस कमेटी, बूथ कमेटी, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआइ, जोन अध्यक्ष, आइटी सेल, किसान कांग्रेस, प्रकोष्ठ, मोर्चा व सहयोगी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।