सावन की लंबी झड़ी के बाद अब बादल छंट सकते हैं लेकिन धूप खिलते ही पारा फिर चढ़ेगा। राजधानी में रविवार से बादल छंटने लगेंगे। साेमवार को मौसम आंशिक रूप से ही मेघमय रहेगा। हालांकि राजधानी के इतर प्रदेश के उत्तरी भाग में मध्यम से भारी बारिश अभी जारी रह सकती है। प्रदेश में आज सभी संभागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके कारण अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि संभावित है। शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहे लेकिन हल्की बूंदाबांदी ही हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा। सबसे अधिक तापमान माना व दुर्ग में 28.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। सोमवार से धूप निकलने के साथ ही तापमान बढ़ने लगेगा।
कुसमी और लखनपुर में 12 सेमी बारिश
कुसमी और लखनपुर में सर्वाधिक 12 सेमी बारिश दर्ज हुई है। वाड्रफनगर में 10 सेमी, पत्थलगांव व कुनकुरी में 9 सेमी, बगीचा, बलरामपुर व राजपुर में 8 सेमी, शंकरगढ़ व मनोरा में 7 सेमी, जशपुरनगर व लैलुंगा में 6 सेमी, तपकारा, अंबिकापुर, धरमजयगढ़, सूरजपुर, कांसाबेल व प्रेमनगर में 5 सेमी, रामानुजगंज, सोनहत, दुलदुला, सीतापुर व मैनपाट में 4 सेमी, बटोली, ओड़गी, जनकपुर, डोंगरगांव, उदयपुर, रामानुजनगर, गुंडरदेही, अंबागढ़ चौकी, छुरिया व डोंगरगढ़ में 3 सेमी तथा कुछ अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज की गई।
उत्तरी भाग में होगी बारिश
मौमस विभाग ने कुछ जिलों में बाढ़ की भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा संभाग में पूर्व में ही अच्छी वर्षा हो चुकी है। अब यदि यहां भारी बारिश होती है तो बलरामपुर, जशपुर, कोरिया में बाढ़ के हालात पैदा हो सकते हैं। यदि मध्यम से भारी वर्षा होने की स्थिति में भी यहां लोगों को सतर्क रहने कहा गया है। प्रदेश के सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर, कोरबा जिले में घने बादल छाए हुए हैं। सरगुजा संभाग और उससे लगे कोरबा तथा बिलासपुर जिले के उत्तरी भाग में भारी बारिश की प्रबल संभावना है।