रांची/धनबाद/जमशेदपुर. झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 106 पर पहुंच गया है। रांची में अबतक 78 कोरोना मरीजों की पहचान की जा चुकी है। इनमें 54 हिंदपीढ़ी के हैं। राज्य में अब तक 19 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी तक राज्य में चार कोरोना से मौत हुई है। मंगलवार को रांची में दो संदिग्धों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं लॉकडाउन फेज-2 के 15वें दिन बुधवार को राज्य के 10 संक्रमित जिलों में पुलिस सख्ती बरत रही है। लोगों के घरों से बाहर निकलने पर मनाही है। वहीं संक्रमित जिलों के लोग भी एतिहात बरत रहे हैं।
संक्रमित जिलों के अलावा राज्य के अन्य 14 जिलों में भी पुलिस प्रशासन की सख्ती जारी है। बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को घरों की ओर वापस भेजा जा रहा है। साथ ही दोबारा पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की हिदायत भी दी जा रही है। इनजिलों में रोजाना सुबह दो से तीन घंटे सब्जी मंडी व राशन की दुकानें खुल रही हैं। लेकिन 11 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है।

रांची में जेल प्रशासन का विदेशी नागरिकों को रखने से इनकार
खेलगांव स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटर ही 16 विदेशी नागरिक समेत 17 लोगों के लिए अस्थाई कैंप जेल बन गया है। जेल अधीक्षक अशोक चौधरी द्वारा जेल में रखने से इनकार करने के बाद टूरिस्ट वीजा के दुरुपयोग करने के आरोप में 16 विदेशी नागरिक समेत 17 लोगों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया है। कोर्ट से न्यायिक हिरासत में भेजने की अनुमति लेने के बाद पुलिस विदेशी नागरिक समेत 17 लोगों को लेकर होटवार जेल पहुंची थी, जहां जेल अधीक्षक ने कोरोना संदिग्ध होने की बात कहते हुए सभी को रखने से इंकार कर दिया था। जेल प्रशासन सभी विदेशी नागरिकों के जेल में आने से वहां लॉ एंड ऑर्डर की समस्या भी उत्पन्न होने का डर है। जेल प्रशासन का मानना है कि जब ये लाेगप पहुंचेंगे ताे पहले से बंद लगभग 35 सौ कैदी इसका विरोध कर सकते हैं।
100 नंबर पर बुजुर्गों के लिए मेडिकल सुविधा
झारखंड पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान बुजुर्गों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। मुसीबत में 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाते थे, अब इस पर मेडिकल सुविधा मिलेगी। बुजुर्ग महिला-पुरुष पुलिस को को बुलाकर दवा और अन्य सामान घर पर मंगवा सकते हैं। जिनके पुत्र कही और रहते हैं। परिजन कहीं फंसे हैं, उन्हें यह सुविधा दिन के 12 बजे से मिलेगी।
कोरोना अपडेट्स
- रांची: हॉट स्पॉट हिंदपीढ़ी को सीआरपीएफ के हवाले कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि नया मरीज मिलने के बाद संक्रमित के घरों के आसपास के मकान भी सील होंगे। पॉजिटिव व्यक्ति के आसपास के घरों का आवागमन पूरी तरह सील होगा। इंसीडेंट कमांडर की अनुमति पर विशेष परिस्थिति में आवागमन की अनुमति दी जा सकेगी। जिले में 31 मार्च से लेकर 28 अप्रैल तक 2653 लोग कांटेक्ट ट्रेसिंग किए जा चुके हैं। इससे रांची में 6980 से ज्यादा लोगों को होम क्वारैंटाइन भी किया गया है। आईसीएमआर ने भी इसकी पुष्टि की है। रांची में 10 कोविड अस्पताल बनाने की तैयारी लगभग आखिरी चरण में है।
- बोकारो: मंगलवार को सात लोगों का सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अभी तक जिले में कुल 382 सैंपल भेजे जा चुके हैं। अभी तक दस कोरोना पॉजिटिव सहित 375 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें 365 रिपोर्ट निगेटिव आयी है। अब केवल सिर्फ सात रिपोर्ट और बाकी रह गया है। इसके अलावा 25 मार्च से 27 अप्रैल तक 6636 लोगों को होम क्वारैंटाइन में रहने को कहा जा चुका है।
- धनबाद: जिले में अब तक दो कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 167 लोगों को होम क्वारैंटाइन, 85 लोगों को सदर अस्पताल में क्वारैंटाइन, 22 लोगों को पीएमसीएच में क्वारैंटाइन जबकि 20 लोगों को एसएसएलएनटी कॉलेजी में बने क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया है। धनबाद में एक पिता-पुत्री के हिंदपीढ़ी कनेक्शन मिलने के बाद बुधवार को पीएमसीएच में उनकी जांच करायी जाएगी। दोनों ने पुलिस को गुमराह किया। पहले खुद को बरमसिया निवासी, फिर जामाडोबा निवासी फिर बताया कि वे रांची के हिंदपीढ़ी के रहने वाले हैं। युवती का कहना था कि उसकी ससुराल बरवाअड्डा में है। सास-ससुर अकेले रहते हैं। उनके लिए खाना बना कर वह पैदल घर जा रही थी। वहीं, जामाडोबा के लोगों ने बताया कि उन्हें पता था कि दोनों हिंदपीढ़ी से पैदल धनबाद आ रहे हैं। इसलिए वे सजग थे।
- पलामू: कोविड-19 संक्रमण के बीच पलामू के लोग बाजार एप का इस्तेमाल कर कर रहे हैं ताकि बाजार में भीड़ कम रहे। कोविड केयर सेंटर लेस्लीगंज में तीन कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद 13 संदिग्ध लोगों को लेस्लीगंज में बने कोविड केयर सेंटर में क्वारैंटाइन कर दिया गया है। प्रखंड में कुल 83 लोग क्वारैंटाइन में रखे गए हैं। तीनों कोरोना पॉजिटिव का सैंपल सात दिन बाद यानी 2 मई को फिर जांच के लिए भेजा जाएगा। तीनों कोरोना पॉजिटिव से जुड़े 37 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। तीनों कोरोना पॉजिटिव का नवजीवन अस्पताल, तुंबागढ़ा में इलाज किया जा रहा है, जहां सभी की हालत स्थिर है। उधर, हुसैनाबाद-हैदरनगर में औ 32 संदिग्ध मिले हैं।
- हजारीबाग: जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में मंगलवार को 69 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें 42 लोग झारखंड के विभिन्न शहरों से आए हुए और 27 लोग राज्य के बाहर के महानगरों से आए हुए शामिल हैं। इनमें 9 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि 45 लोग फैसिलिटी क्वारैंटाइन में रखे गए हैं, वहीं 15 लोगों को होम क्वारैंटाइन में भेजा गया है। मंगलवार को 39 लोगों का फैसिलिटी क्वारैंटाइन क्लोज किया गया, जबकि 1012 लोग होम क्वारैंटाइन से भी मुक्त हुए हैं। जिले में अब तक 19467 लोगों का स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
- गढ़वा: कोरोना को लेकर जिले के सिविल सर्जन सहित 40 चिकित्सक, 240 एएनएम, चार लैब टेक्निशियन, 1230 स्वास्थ्य सहिया तथा 1300 आंगनबाड़ी सेविका दिन रात कार्य कर रहीं हैं। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गढ़वा निवासी 58 वर्षीय मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह सूरजपुर क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया था। राजनांदगांव और कवर्धा में मजदूरी करता था। सूरजपुर क्वारैंटाइन सेंटर में उसके साथ 97 अन्य मजदूर भी थे। अब सभी मजदूरों की जांच होगी।
- गिरिडीह: कोरोनावायरस की चपेट में आने वाली महिला का अबतक दो बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपल जांच के लिए भेजा गया लेकिन दोनों बार उसका रिपोर्ट पॉजिटिव ही निकला। राजधनवार प्रखंड के जहनाडीह निवासी एक 55 वर्षीय महिला का रिपोर्ट 14 अप्रैल को पॉजिटिव आया था। कोरोना से संक्रमित महिला को मुम्बई से लौटे बेटे के संपर्क में आने से हुआ था। उसका बेटा का इलाज के दौरान 2 अप्रैल को सदर अस्पातल में जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जिले में अब तक कुल 220 सैंपल में से 02 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि 37 रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं 183 रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुल 291 लोगों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया है।
- देवघर: जिले के 283 मरीजों के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया था, जिसमें कि 163 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सारवां प्रखंड के गम्हरिया और भुरकुंडा गांव के सभी ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। साथ ही दोनों संक्रमित मरीज कहां-कहां गया है किस किससे मिला है इससे जुड़ी संपूर्ण निगरानी एवं ट्रेसिंग प्रशासन व स्वास्थ विभाग के द्वारा लगातार की जा रही है।
- जामताड़ा: कुंडहित सिंहवाहिनी उच्च विद्यालय के छात्रावास से कोरोना मरीज मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल अभी भी व्याप्त है। लोगों का घरों से निकलना बंद हो गया है। साथ ही मरीज के मिलने पर लोग सामाजिक दूरी का पालन करना भी शुरू कर दिया है। अधिकांश गांव के ग्रामीण अपने अपने गांव की घेराबंदी कर दिया है। जिससे एक गांव से दूसरे गांव के लोगों का संपर्क टूट गया है। साथ ही मरीज मिलने के बाद गांव गांव में सब्जी विक्रेताओं का पहुंचना भी बंद हो गया है। उधर, क्वारैंटाइन सेंटर सहित कुल 23 लोगों का सैंपल लिया गया है।
- घाटशिला: घाटशिला के बहरागोड़ा के दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर थाना अंतर्गत आसनबनी गांव का एक व्यक्ति रांची के कांटाटोली में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसकी जानकारी रांची के डीसी राय महिमापत रे ने झाड़ग्राम के डीएम को दी है। जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति को दो दिन पहले रांची में कोरोना पॉजिटिव पाया गया, वह 25 मार्च को अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए आसनबनी आया था। सारे विधि-विधान के बाद 9 अप्रैल को वह बाइक से रांची गया था। उक्त व्यक्ति का कोरोना पॉजिटिव की सूचना पाने के बाद गोपीबल्लवपुर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के पैतृक गांव आसनबनी के 9 लोगों को हाथीबाड़ी फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में क्वारैंटाइन कर दिया है। इनका सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। अभिभावकों संग कोटा से जमशेदपुर पहुंचे तीन छात्र इनमें एक घाटशिला का, होम क्वारेंटाइन किया गया
- गुमला: झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की प्रतिदिन बढ़ रही संख्या के बीच गुमला जिले की रिपोर्ट राहत देने वाली है। गुमला जिले में अब तक 232 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। जिसमें अब तक 191 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट गुमला जिला के स्वास्थ्य विभाग को मिल गया है। सभी रिपोर्ट नेगेटिव पाया गया है। उपायुक्त शशि रंजन ने बताया कि शेष रिपोर्ट भी अब शीघ्र आ जाएगा। क्योंकि इटकी में स्थापित लाइव कार्य करने लगा है। गुमला लोहरदगा और खूंटी तथा सिमडेगा जिला की सैंपल की जांच अब रिम्स के बजाए इटकी में ही किया जा रहा है।
- साहेबगंज: जिला प्रशासन की ओर से131 कोरोना वायरस संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए सैंपल रिम्स भेजा गया था, जिनमें में से 127 संक्रमण के संदिग्ध मरीजों की जांच निगेटिव आई है, जबकि 04 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है।
- जमशेदपुर: जमशेदपुर फिलहाल कोरोना मुक्त है। यहां संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। कोटा (राजस्थान) से मंगलवार को तीन छात्र और उनके अभिभावक निजी वाहन से जमशेदपुर पहुंचे। इनमें एक छात्र घाटशिला का था। कोटा के कोचिंग संस्थान ने वहां फंसे छात्रों को वाहन और पास उपलब्ध कराया था, जिसके आधार पर सभी जमशेदपुर पहुंचे थे। दो छात्र व एक अभिभावक को पारडीह चेकनाका पर जांच टीम ने डिटेंन किया, जबकि बिष्टुपुर खरकई पुल के समीप एक छात्र और उस वाहन में सवार दो महिला को डिटेन किया गया। एडीएम एनके लाल ने बताया- इन सबकी मेडिकल जांच की गई। इन्हें होम क्वारैंटाइन किया गया है।

राज्य में कुल 106 संक्रमित: रांची के 78, बोकारो 10, पलामू 03, हजारीबाग 03, गढ़वा 03, धनबाद 02, गिरिडीह, 02, सिमडेगा 02, देवघर 02 और जामताड़ा में 01 मरीज में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
राज्य में अब तक 04 की मौत: रांची में तीन जबकि बोकारो के एक मरीज की मौत हो चुकी है।
राज्य में स्वस्थ्य हुए 19 मरीज: रांची में सात मरीज जबकि राज्य के अन्य जिलों में से संक्रमित मरीजों में 12 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।