भाकपा माओवादी के दो नक्सलियों ने पुलिस के समझ सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण नीति के तहत एसपी ने दोनों नक्सलियों को चेक सौंपा। इस संबंध में शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी गई। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर विनोद पंडित उर्फ विनोद दास एवं भाकपा माओवादी का एरिया कमांडर गणेश लोहरा उर्फ भगवान शामिल है। विनोद पंडित पर पांच लाख जबकि गणेश लोहरा पर दो लाख रुपए का ईनाम था।
दोनों के खिलाफ पुलिस लगातार चला रही थी सर्च अभियान
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों नक्सलियों ने गुरुवार को उनके व सीआरपीएफ कमांडेंट के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही थी। दोनों के खिलाफ हत्या, रंगदार, आगजनी, पुलिस टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालना, राष्ट्र निर्माण में विकास के लिए लगे कंपनियों से मोटी रकम रंगदारी के रूप में उगाही करने के आरोप में अलग-अलग थाना में मामला दर्ज है। विनोद पंडित उर्फ विनोद दास के खिलाफ कुल 17 कांड और गणेश लोहरा उर्फ भगवान के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। विनोद पंडित सिमडेगा के बोलबा थाना स्थित बोलबा नगरटोली गांव का जबकि गणेश लोहरा गुमला जिले के पालकोट थाना स्थित बोराडीह का रहनेवाला है।
इन थानों में दर्ज हैं सरडेंर करने वाले नक्सलियों के खिलाफ मामले
विनोद पंडित- कोलेबिरा (छह मामले), सिमडेगा (तीन मामले), गिरदा (एक मामला), जलडेगा (पांच मामले), बोलबा (एक मामला) और टांगर थाना (एक मामला)।
गणेश लोहरा- चार मामले सिमडेगा थाना में।
ये है नक्सलियों का पुनर्वास पैकेज…
1. गृह निर्माण के लिए 4 डिसमील जमीन
2. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.20 लाख रुपए
3. व्यवसायिक प्रशिक्षण के लिए एक साल तक 6,000 प्रति माह
4. परिवार की चिकित्सा- निःषुल्क
5. बच्चों की शिक्षा के लिए 40,000/- वार्षिक
6. पुत्रियों के विवाह के लिए 30,000 रुपए
7. स्व-रोजगार के लिए 4 लाख रुपए ऋृण
8. जीवन बीमा- 5 लाख रुपए का
9. परिवार के समूह जीवन बीमा- 1 लाख रुपए का
10. खुला जेल सह पुनर्वास केन्द्र की सुविधा दी जायेगी।
11. उपायुक्त द्वारा लोक अभियोजक पुलिस उपाधीक्षक एवं कार्यपालक दण्डाधिकारी का एक समिति बनाकर आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा की जाएगी।