बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
मंगला, कछार, निरतू आदि आसपास के गांव से बाड़ी लगाने वाले किसान बृहस्पति बाजार के बाहर ताजी और सस्ती सब्जी बेचते हैं। इसे लेकर अंदर चबूतरा वाले व्यापारियों के साथ इनका लंबे समय से विवाद चल रहा है। रविवार रात इनके बीच मारपीट की घटना हो गई। इसके चलते चबूतरा वाले व्यापारियों ने सोमवार को बाजार बंद कर दिया। इधर महापौर से आश्वासन लेकर शाम को फिर बाजार पहुंचे किसानों की सब्जियां व्यापारियों ने फेंक दी और उनके साथ मारपीट कर दी। इससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के प्रमुख बृहस्पति सब्जी बाजार में अब सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद हिंसक हो गया है। अब यहां किसान बनाम व्यापारी प्रमुख मुद्दा है। विवाद की एक वजह यह है कि आसपास के गांव में सब्जी की खेती करने वाले व्यापारी लंबे समय से बाजार के बाहर अपने सामान बेचते आए हैं। जिसका बाजार के व्यापारी विरोध करते हैं। मामला तब ज्यादा विवाद में आया जब रविवार की रात व्यापारियों ने किसानों को धमकाया और मारपीट कर दी। विवाद बढ़ता देख व्यापारियों ने एकजुट होकर बाजार बंद कर दिया। इधर किसानों को भी बाहर दुकान नहीं लगाने दी। इसके बाद विरोध स्वरूप किसानों ने महापौर और कलेक्टर से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की और वहीं सामान बेचने की अनुमति देने की बात कही। उन्हें बृहस्पति बाजार के बजाय गणेश चौक में दुकान लगाने और कुछ को बृहस्पति बाजार में ही जगह देने का आश्वासन भी मिला। महापौर से आश्वासन मिलने के बाद किसान एक बार फिर बृहस्पति बाजार पहुंचे तो उनके सामान फेंकते हुए व्यापारियों ने मारपीट कर दी। नाराज किसानों ने सिविल लाइन थाने में जमकर हंगामा किया और उनके दबाव पर आखिरकार आरोपित व्यापारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
ग्राहकों का रुझान किसानों की तरफ
बृहस्पति बाजार में विवाद की मुख्य वजह ग्राहकी है। आसपास गांव से बाड़ी लगाने वाले किसान ताजा सब्जी लाते हैं। खुद उत्पादन करने के कारण उनके दाम भी अपेक्षाकृत कम होते हैं। ऐसे में ग्राहकों का रुझान किसानों की तरफ ज्यादा रहता है। जिससे व्यापारियों को नुकसान होता है। यही कारण है कि यहां विवाद की स्थिति बनती है।
महंगी बिकती है सब्जी
बृहस्पति बाजार में सब्जी बहुत महंगी में बिकने के कारण लोग इसे अब वीआइपी बाजार भी कहने लगे हैं। दरअसल बृहस्पति बाजार में भीतर चबूतरों पर बैठकर सब्जी बेचने वाले अधिकांश लोग सब्जी व्यापारी हैं जो तिफरा की थोक मंडी से सब्जी खरीदकर उसे दुगुनी से भी अधिक कीमत में फुटकर में बृहस्पति बाजार में लोगों को बेचकर मुनाफा कमाते हैं।
व्यापारियों और किसानों के बीच विवाद बातचीत से निपटाया जाएगा। फिलहाल बाड़ी वालों को कुछ जगहें बताई गई हैं जहां उन्हें बैठने के लिए कहा गया है। जल्द ही कोई स्थाई व्यवस्था भी की जाएगी।