समर्थन मूल्य पर धान बेचने पहुंचे किसानों ने धान खरीदी केन्द्र देवरघटा के केन्द्र प्रभारी व कर्मचारियों पर प्रति किलो 2 से 3 किलो अतिरिक्त धान तौल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जानकारी मिलने पर केन्द्र प्रभारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश दी।
जैजैपुर ब्लाक अंतर्गत धान खरीदी देवरघटा में किसानों से 2-3 किलो अधिक धान तौलने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। उनका आरोप है कि 31 दिसम्बर को देवरघटा का ही किसान अजय दिवाकर अपना धान तौल कराने पहुंचा। इस दौरान हमालों ने उसका धान तौल किया और तौले गए धान को स्टेग लगा रहे थे, तभी हमालों का तौल देखकर किसान अजय दिवाकर को शंका हुई और उसने तौले गए धान में अतिरिक्त धान लेने का आरोप लगाया और उसने खुद तौल किए गए धान को पिᆬर से तौल कराया, तब प्रत्येक बोरी में 2 से 3 किलो वजन अतिरिक्त पाया गया। इतना देख किसानों की भीड़ वहां इकठ्ठी हो गई और किसान इसका विरोध करने लगे। नाराज किसानों ने केन्द्र प्रभारी को जमकर खरी-खोटी सुनाई और इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। हालांकि केन्द्र प्रभारी ने मामले को हमालों के मत्थे थोप दिया। केन्द्र प्रभारी पीताम्बर पटेल का कहना है कि यह सब हमाल की गलती है। इधर किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि केन्द्र में तौल किए गए धान की बोरियों की सिलाई शाम ढलने के बाद होती है। ऐसे में उन्होंने किसानों से अतिरिक्त धान लेने और रात में उसे निकालने की आशंका जाहिर की। बहरहाल इस मामले को लेकर देवरघटा केन्द्र में इसकी शिकायत भी उच्चाधिकारियों से की गई।