छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। मैदान में भाजपा और कांग्रेस के साथ ही सीपीआइ, जकांछ और बसपा समेत अन्य दलों ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। बसपा ने तो इस सीट से अपने प्रदेश अध्यक्ष पर दांव खेला है। 1980 से अब तक हुए नौ चुनावों में पांच बार कांग्रेस, तीन बार सीपीआइ और दो बार भाजपा यहां से जीत दर्ज कर चुकी है। सीपीआइ चार बार दूसरे नंबर पर रही है। बसपा इस सीट से अब तक केवल तीन बार चुनाव लड़ी है।
घट रहा सीपीआई का वोट शेयर
इस सीट पर बीते नौ विधानसभा चुनावों में तीन बार जीत दर्ज करने के साथ सीपीआइ चार बार दूसरे नंबर की पार्टी रही। लेकिन पार्टी की यह कहानी छत्तीसगढ़ राज्य बनने के पहले की है। राज्य बनने के बाद से हुए चार चुनावों में सीपीआइ का वोट शेयर लगातार घट रहा है।
उपचुनाव में बसपा- जकांछ अलग- अलग
बसपा और जकांछ ने नवंबर- दिसंबर में हुआ विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ा था। दंतेवाड़ा सीट बसपा के खाते में गई थी। पार्टी के प्रत्याशी ने करीब पांच फीसद से अधिक वोट हासिल किया था, जबकि इसके पहले के दोनों चुनाव में जब बसपा का वोट शेयर तीन फीसद से कम था। उप चुनाव की जंग में फिर दोनों पार्टियां अलग-अलग हैं।
इनके बीच उपचुनाव की जंग
अजय नाग-एनसीपी, ओजस्वी भीमा मंडावी-भाजपा, देवती कर्मा-कांग्रेस, भीमसेन मंडावी-सीपीआइ, सुजित कर्मा- जकांछ, हेमंत पोयाम-बसपा, बल्लू राम भवानी-आप, योगेश मरकाम-जीजीपी और सुदरू राम कुंजाम-निर्दलीय।
चौथे नंबर पर नोटा
नोटा का प्रयोग 2013 के विधानसभा चुनाव से शुरू हुआ। आदिवासी सीट दंतेवाड़ा में उस वर्ष 9673 वोटरों ने नोटा का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 8.93 फीसद था। बीते वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में कुल 9929 वोटरों ने नोटा का उपयोग किया, जो कुल मतदान का 8.74 फीसद रहा। दोनों बार नोटा चौथे नंबर पर रहा।
पार्टीवार वोट शेयर
वर्ष भाजपा कांग्रेस सीपीआइ बसपा
2003 19.04 35.88 28.67 —
2008 38.06 25.07 25.65 2.27
2013 32.70 38.23 11.96 2.78
2018 34.82 31.51 10.70 5.38
1980 से अब तक का चुनाव परिणाम
वर्ष विजेता/पार्टी निकटम प्रतिद्वंद्वी
1980 महेंद्र कर्मा, सीपीआइ दिनेश कुमार कांग्रेस (आइ)
1985 लक्ष्मण कर्मा, कांग्रेस महेंद्र कर्मा, सीपीआइ
1990 बरसा दुलाराम, सीपीआइ सुकुराम कश्यप, कांग्रेस
1993 नंदराम शोरी, सीपीआइ सुकुराम कश्यप, कांग्रेस
1998 महेंद्र कर्मा, कांग्रेस अर्जुन सिंह, सीपीआइ
2003 महेंद्र कर्मा, कांग्रेस नंदराम शोरी, सीपीआइ
2008 भीमा मंडावी, भाजपा मनीष कुंजाम, सीपीआइ
2013 देवती कर्मा, कांग्रेस भीमा मंडावी, भाजपा
2018 भीमा मंडावी, भाजपा देवती कर्मा, कांग्रेस