Home News खान में महिलाओं की नियुक्ति वाली देश की पहली कंपनी बनी टाटा...

खान में महिलाओं की नियुक्ति वाली देश की पहली कंपनी बनी टाटा स्टील…

11
0

आज महिलाएं पुरुषों के साथ हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। ताजा मामला खान में काम करने का है। अब टाटा स्टील ने झारखंड की नोवामुंडी आयरन माइंस में महिला इंजीनियरों की नियुक्ति की है। इस तरह से टाटा स्टील खान में सभी शिफ्टों में महिलाओं को तैनात करने वाली देश की पहली कंपनी बन गई है।

कंपनी ने खनन, विद्युत, यांत्रिक और खनिज प्रसंस्करण इंजीनियर समेत विभिन्न धाराओं से 10 महिला अधिकारियों की भर्ती की है। कंपनी के ओएमक्यू डिवीजन के वीपी अरुण मिश्रा ने कहा, ‘हम माइंस में महिलाओं को तैनात कर बेहद खुश हैं। हम अपनी खानों के सभी सेक्शनों में अधिक से अधिक महिलाओं की भर्ती करने के लिए अपनी सुविधाओं को बढ़ा रहे हैं। खान सुरक्षा महानिदेशालय के निर्धारित सभी मानदंडों का पालन किया जा रहा है, ताकि खानों में महिलाओं की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जा सके।’

तैनाती से पहले हर महिला कर्मचारी से लिखित सहमति ली गई है। प्रक्रिया में मदद के लिए सैनिटरी वेंडिग मशीन, महिलाओं के लिए कैंटीन, रेस्ट रूम, एक शिफ्ट में कम से कम तीन के समूह में महिलाओं की तैनाती, महिला सुरक्षा गार्ड, परिवहन सुविधा सहित कई उपाय किए जा रहे हैं। जीपीएस और सीसीटीवी निगरानी समेत मजबूत सुरक्षा उपायों का एक सेट लागू किया गया है।

पहली सितंबर से कंपनी ने इसकी प्रक्रिया ओएमक्यू डिवीजन में शुरू कर दी है। इससे पहले कंपनी ने इसी साल एक अप्रैल से महिला कर्मचारियों के लिए अपने जमशेदपुर प्लांट के शॉप फ्लोर में दो शिफ्ट शुरू की थी। सुबह 6 से रात 10 बजे तक के बीच शिफ्ट A और B में कोक प्लांट और इलेक्ट्रिकल रिपेयर शॉप फ्लोर में कुल 52 महिला कर्मचारियों को तैनात किया जा चुका है।

कंपनी का लक्ष्य है कि वर्ष 2025 तक कार्यबल में 20 फीसद महिला अधिकारियों को शामिल किया जाए। कंपनी के एचआर ने इस पहल को “वूमेन एट माइंस” नाम दिया है। यह पहल कम्युनिकेशन, अमेनिटीज, रिक्रूटमेंट ऑफ वूमन ऑफिसर्स एंड नॉन-ऑफिसर्स और “तेजस्विनी 2.0” जैसे चार पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करेगी।