राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर प्रारंभ किए गए टोल प्लाजा में बेहिसाब टोल टैक्स वसूलने के विरोध में शुक्रवार को बस्तर परिवहन संघ के सैकड़ों सदस्यों ने परचनपाल के पास कुदालगांव टोल प्लाजा में करीब डेढ़ घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रकट किया। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री नितिन गडकरी को पत्र प्रेषित कर अधूरे सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा बंद करने का निवेदन किया गया है। वहीं यह भी कहा गया है कि अगर 15 दिनों के भीतर संघ की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो फिर आन्दोलन होगा।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 को पूरी तरह से चौड़ा करने के पहले ही इस मार्ग पर तीन टोल प्लाजा प्रारंभ कर दिए गए हैं। यहां 20 अगस्त से टोल टैक्स लेना प्रारंभ कर दिया गया है। इधर वाहन शुल्क इतनी ज्यादा है कि सभी परेशान हैं। इस बात को लेकर बस्तर परिवहन संघ के सैकड़ों सदस्यों ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे से डेढ़ बजे तक कुदालगांव टोल प्लाजा में चक्का जाम किया। इसके चलते टोल प्लाजा के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इधर पुलिस प्रशासन भी परिवहन संघ के सदस्यों को समझाने में व्यस्त नजर आई।
जारी रहेगा आन्दोलन
बस्तर परिवहन संघ के सचिव शक्ति सिंह चौहान ने बताया कि बस्तर आदिवासी क्षेत्र है और यहां कोई उद्योग- धंधा नहीं है। यहां के ट्रक व्यवसायी जैसे- तैसे अपना रोजगार कर रहे हैं। दूसरी तरफ जगदलपुर- रायपुर मार्ग पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाया है और टोल प्लाजा प्रारंभ कर दिया गया है। वाहनों का टोल टैक्स भी बेतरतीब है। हमारी मांग है कि आदिवासी क्षेत्र होने के कारण बस्तरवासियों से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स न लिया जाए और अगर लेना ही है तो पहले मार्ग को दुरुस्त किया जाए तथा न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर केंद्र सरकार पहल नहीं करती है तो 15 दिनों बाद संघ अगले चरण के आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
धमतरी से आ रहे कार चालक केशव महावर, रायपुर के जयचंद परमार और विजय ठाकुर ने बताया कि अभनपुर से लेकर कुरूद के मध्य तथा केशकाल घाटी के नीचे नेशनल हाइवे बदतर हालत में है। बावजूद इसके टोल प्लाजा में वाहनों को रोककर टैक्स वसूला जा रहा है। इनका कहना है कि जब तक मार्ग पूरी तरह दुरुस्त न हो जाए, टोल प्लाजा को बंद कर दिया जाना चाहिए। इधर टोल प्लाजा में आज बस्तर की ट्रकों से शुल्क वसूल करने से संघ ने रोका वहीं विशाखापट्टनम और रायपुर की तरफ से जगदलपुर की ओर आ रहे दीगर जिलों के वाहनों से शुल्क वसूली जारी है।