शराब के नशे की बात को लेकर पत्नी द्वारा विरोध करने पर आरोपी पति ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए पुलिस को उलझाने के लिए सिर दर्द से उसकी मौत की रिपोर्ट लिखा दी। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आने पर पुलिस ने साढ़े 3 माह बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार हसौद निवासी चंद्रमणी भारद्वाज पिता आशाराम भारद्वाज शराब पीने का आदी है। उसकी पत्नी धनेश्वरी बाई (25) की 30 अप्रैल को घर में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। घटना के बाद चंद्रमणी भारद्वाज थाना पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी कि उसकी शादी लगभग 5 साल पूर्व धनेश्वरी के साथ हुआ थी। शादी के साल भर बाद उसका एक पुत्र भी हुआ। घटना के दिन वह सुबह 7 बजे तालाब के पार में बैठा था। यहां कुछ देर बैठने के बाद साढ़े 9 बजे नास्ता करने घर वापस लौटा। इस दौरान उसकी पत्नी धनेश्वरी खाट पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। ऐसे में उसने उसके चेहरे व सिर में पानी डालकर हिला डुलाकर देखा, मगर उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। ऐसे में उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी गांव के डॉक्टर को दी। डॉक्टर द्वारा घर पहुंचकर धनेश्वरी की जांच की। जांच के बाद डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। चंद्रमणी ने बताया कि धनेश्वरी पूर्व से सिर दर्द से परेशान रहती थी। घटना के एक दिन पूर्व रात को भी उसने सिर दर्द की दवाई खाई थी। उसकी मृत्यु सिर दर्द से होने की आशंका जाहिर की। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों द्वारा पति द्वारा हत्या करने की आशंका जताई जा रही थी। उन्होंने चंद्रमणी पर आरोप लगाते हुए बताया कि धनेश्वरी के गहनों को चंद्रमणी द्वारा शराब के लिए गिरवी भी रखा गया था। साथ ही मृतिका ने मृत्यु के पूर्व चंद्रमणी का किसी युवती से अवैध संबंध होने की जानकारी दी थी। वही शराब के नशे में उससे मारपीट करता था। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने संदेही पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में संदेही चंद्रमणी ने बताया कि उसका और उसकी पत्नी के बीच शराब की बात को लेकर लगातार विवाद होता था। वारदात के एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। वहीं सुबह पिᆬर दोनों के बीच विवाद हुआ। इससे आक्रोशित होकर उसने धनेश्वरी का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेंश सिंह राठौर, योगेश बंजारे, सालिकराम, सेतराम पटेल, अजय बंजारे का योगदान रहा।