बलरामपुर जिले के चांदो क्षेत्र में शाहपुर में संजीवनी 108 वाहन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। किसी घटना के बाद संपर्क करने पर तत्काल वाहन उपलब्ध नहीं कराया जाता। ऐसे में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने बड़ी राशि खर्च के क्षेत्र के लोगों को बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में पहुंचना पड़ता है। लंबे समय से इस अव्यवस्था से क्षेत्र के लोग जूझ रहे हैं पर स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी इस दिशा में कोई पहल करते नजर नहीं आ रहे हैं।
मंगलवार को शाहपुर चुरुण्डा निवासी एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर हुई तो परिजनों ने संजीवनी 108 में तत्काल संपर्क किया किन्तु वाहन उपलब्ध न होने की जानकारी दे दी गई। बाद में संपर्क करने की भी बात कही गई। काफी इंतजार के बाद भी 108 वाहन गांव नहीं पहुंची तो मजबूरन लोगों ने एक निजी बोलेरो वाहन से मरीज को बलरामपुर जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए। ऐसी स्थिति अक्सर यहां निर्मित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संजीवनी 108 वाहन की व्यवस्था की गई है किन्तु बलरामपुर जिले के इस दूरस्थ इलाके में यह सुविधा नहीं मिल पा रही है।