दंतेवाड़ा गीदम साप्ताहिक बाजार में खरीदारी के साथ लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में कमी लाने हेतु यातायात पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
रविवार को गीदम साप्ताहिक बाजार में ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया में बैठने पर सीट बेल्ट की अनिवार्यता की समझाइश दी। बताया गया कि हेलमेट नहीं लगाने पर पुलिस 500 रूपए का चालान काट सकती है। इसी तरह चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 200 रुपए का चालान काटा जाता है। बताया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट से हम सुरक्षति तो रहेंगे ही साथ ही होने वाली आर्थिक क्षति से बच सकते हैं। पिछले पांच साल में हुए सड़क दुर्घटना से मौत और घायलों की जानकारी भी दी गई। यातायात नियम संबंधित पाम्प्लेट वितरण किया गया। साथ ही दोपहिया वाहनों में तीन सवारी नहीं चलने, यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, नशे की हालत में तथा बिना लायसेंस वाहन नहीं चलाने, वाहनों में थर्ड पार्टी बीमा कराने की समझाइश दी गई। इस जागरुकता अभियान में यातायात शाखा प्रभारी निरीक्षक विन्टन साहू, थानसिंह देशमुख, नरेन्द्र रजक, जितेन्द्र रामटेके एवं गीता सिंह शामिल थे।