असम में आई बाढ़ को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने बहुत बाद में प्रतिक्रिया दी, इसको लेकर सोशल मीडिया पर उनकी जमकर खिंचाई की गई। अब खबर आ रही है कि प्रियंका चोपड़ा असम टूरिज्म की ब्रांड एंबेसडर नहीं रही। असम के पर्यटन मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का कहना है कि अब वह (प्रियंका चोपड़ा)ब्रांड एंबेसडर नहीं है।
हिमंता ने ट्वीट किया-अब वह असम सरकार के साथ नहीं है। जहां तक मुझे जानकारी है, उनका असम सरकार के साथ कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है। हिमंता ने यह ट्वीट एक यूजर के प्रियंका चोपड़ा की बाढ़ प्रभावित असम के प्रति जिम्मेदारी के बारे में किए गए सवाल के जवाब में किया। हिमंता के ट्वीट पर एक यूजर ने लिखा- तुरंत रेस्पांस के लिए आपका धन्यवाद सर! आम आदमी की आवाज सुनने और जवाब देने की वजह से आप पूरे पूर्वोत्तर के लोगों के नेता हैं।
आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा को दो साल के लिए असम टूरिज्म का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। उन्हें 19 दिसंबर 2016 को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। आपको बता दें कि असम में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। असम के 30 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। असम के कुल 57 लाख 51 हजार 938 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। 16 जुलाई को प्रियंका चोपड़ा ने असम में आई बाढ़ को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। प्रियंका ने लिखा था कि असम व भारत के अन्य इलाकों से आ रही खबरों को लेकर वह बहुत व्यथित हैं। लोगों की मौत और विस्थापन के बारे में पढऩा हार्टब्रेकिंग है। प्रभावितों के प्रति मेरी पूरी संवेदना है। इतनी देर बाद प्रतिक्रिया आने से असम के लोग भडक़ गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रियंका की जमकर खिंचाई कर दी।