बाढ़ का कहर बिहार, पूर्वी यूपी, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मिजोरम, नगालैंड, गोवा में जारी है। इन राज्यों में भारी बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं। असम के 33 में से 17 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों में 4.5 लाख लोग प्रभावित है और वे विस्थापित हो चुके हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, ब्रह्मपुत्र नदी के जलस्तर बढ़ने के कारण 17 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। जिससे 16 हजार हेक्टेयर की फसल बर्बाद हो गई है। 19 गांव, 64 से अधिक सड़कें और एक दर्जन पुल पानी में डूब गए हैं। बता ेदं कि नॉर्थ-ईस्ट में बाढ़ से अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले असम में 6 लोगों की जान गई है।
असम में धेमाजी, लखीमपुर, विश्वनाथ, जोरहाट, डारैंग, बारपेटा, नलबारी, मजौली, चिरंग, डिब्रूगढ़ और गोलाघाट समेत 17 जिलों में बाढ़ है। गोलाघाट में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश और बाढ़ के चलते लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी इलाके में रेलवे सेवाओं पर असर पड़ा है।
सबसे ज्यादा असर बारपेटा पर पड़ा है। यहां 85 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके अलावा 800 गांव और 41 रेवेन्यू सर्किल बाढ़ में डूब गए हैं। लोगों को राहत देने के लिए कैंपों की व्यवस्था की गई है। काजीरंगा पार्क भी बाढ़ से प्रभावित हुआ है।